मौसेरी बहन से प्रेम प्रसंग बना हत्या की वजह, 24 घंटे में आरोपी मौसा गिरफ्तार
हत्या को आत्महत्या दिखाने की साजिश नाकाम, युवक का शव पेड़ से लटकाकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

पलामू : जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत दुलसुलमा गांव में युवक की संदिग्ध मौत मामले का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया कि प्रेम प्रसंग के कारण युवक की हत्या की गई थी। मामले में मृतक के मौसा रवि सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। रविवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय सभागार में आयोजित प्रेस वार्ता में डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि मृतक पवन सिंह का अपनी मौसेरी बहन सोनी देवी से प्रेम संबंध था। पवन उससे शादी करना चाहता था, जबकि सोनी पहले से शादीशुदा और एक बच्चे की मां है। बताया गया कि पिछले डेढ़ से दो महीने से दोनों के बीच प्रेम प्रसंग चल रहा था। डीएसपी के अनुसार 15 मई की रात पवन सिंह अपनी मौसेरी बहन से मिलने और शादी के लिए मनाने उसके मायके पहुंचा था। इसी दौरान सोनी के पिता 50 वर्षीय रवि सिंह ने दोनों को देख लिया। गुस्से में आकर रवि सिंह ने पीछे से पवन सिंह के सिर पर डंडे से हमला कर दिया जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की। पुलिस के मुताबिक रवि सिंह ने युवक के शव को कंधे पर उठाकर पास के हड़ही पहाड़ पर ले गया और मृतक के ही गमछे से पेड़ पर लटका दिया ताकि घटना आत्महत्या प्रतीत हो। मृतक के पिता विजय सिंह ने प्रारंभिक तौर पर सोनी देवी, उसके पति फंटूश सिंह और देवर पंकज सिंह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी। लेकिन अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी और साक्ष्य आधारित जांच करते हुए मामले का खुलासा कर दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाठी भी बरामद कर ली है। डीएसपी राजेश यादव ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। घटना के खुलासे के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।