सरायकेला में अवैध महुआ शराब कारोबार पर बड़ी कार्रवाई, तीन चुलाई अड्डे ध्वस्त
2100 किलो जावा महुआ और 60 लीटर अवैध शराब बरामद, संचालकों पर होगी कार्रवाई

सरायकेला-खरसावां : जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को ध्वस्त किया है। छापेमारी के दौरान भारी मात्रा में जावा महुआ और अवैध शराब बरामद की गई। उपायुक्त एवं अधीक्षक उत्पाद, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर सोमवार को अवर निरीक्षक उत्पाद नीरज कुमार के नेतृत्व में मोबाइल टास्क फोर्स द्वारा आरआईटी थाना क्षेत्र के भुवा जंगल तथा गम्हरिया थाना अंतर्गत जामजोड़ा गांव में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान टीम ने कुल तीन अवैध महुआ चुलाई अड्डों को नष्ट करते हुए लगभग 2100 किलोग्राम जावा महुआ और 60 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की। विभागीय टीम ने मौके से बरामद सामग्री को जब्त कर लिया। उत्पाद विभाग के अनुसार संबंधित अड्डा संचालकों के खिलाफ झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिला प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि अवैध शराब निर्माण, भंडारण और बिक्री से संबंधित किसी भी प्रकार की सूचना तुरंत प्रशासन या उत्पाद विभाग को दें ताकि ऐसे अवैध कारोबार के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।