ताज़ा-ख़बर

बड़कागांव में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हाईवा और ट्रैक्टर जब्त

रिपोर्ट: VBN News Desk1 घंटे पहलेझारखण्ड

अहले सुबह अंचलाधिकारी की छापेमारी से मचा हड़कंप, खनन विभाग को कार्रवाई के लिए भेजा गया पत्र

बड़कागांव में अवैध बालू कारोबार पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, हाईवा और ट्रैक्टर जब्त

बड़कागांव : क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार के खिलाफ प्रशासन ने एक बार फिर सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अंचलाधिकारी मनोज कुमार के नेतृत्व में बुधवार तड़के चलाए गए विशेष छापेमारी अभियान में बालू लदा एक हाईवा एवं एक ट्रैक्टर जब्त किया गया। प्रशासन की इस कार्रवाई से अवैध बालू कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जानकारी के अनुसार अंचलाधिकारी मनोज कुमार को क्षेत्र में अवैध रूप से बालू परिवहन किए जाने की लगातार शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर अहले सुबह करीब 3:30 बजे सघन जांच अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान बालू लदा एक ट्रैक्टर और एक हाईवा पकड़ा गया, जिनके पास वैध दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद दोनों वाहनों को जब्त कर कार्रवाई शुरू कर दी गई। अंचलाधिकारी मनोज कुमार ने बताया कि अवैध खनन और बालू परिवहन के खिलाफ प्रशासन लगातार निगरानी रख रहा है तथा ऐसे मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अवैध बालू कारोबार पर रोक लगाने के लिए आगे भी नियमित रूप से छापेमारी अभियान चलाया जाएगा। प्रशासन की ओर से जब्त ट्रैक्टर के खिलाफ बड़कागांव थाना में मामला दर्ज कराया गया है। वहीं हाईवा के संबंध में आगे की कार्रवाई के लिए देर शाम तक खनन विभाग को पत्र भेजने की प्रक्रिया जारी रही। अधिकारियों ने संकेत दिए हैं कि जांच के बाद संबंधित वाहन मालिकों एवं कारोबारियों के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए कहा कि अवैध बालू उठाव के कारण क्षेत्र की सड़कों और नदी घाटों को भारी नुकसान पहुंच रहा है। लोगों ने प्रशासन से लगातार इसी तरह कार्रवाई जारी रखने की मांग की है ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लगाई जा सके।

बड़कागांव से अजय कुमार की रिपोर्ट

इन्हें भी पढ़ें.