बोलायडीह हत्याकांड में बड़ी कार्रवाई, मुख्य नामजद आरोपी प्रेम नायक गिरफ्तार, अन्य की तलाश तेज
जगन्नाथ गोप हत्याकांड में पुलिस को सफलता, गम्हरिया हाट-बाजार से दबोचा गया प्रेम नायक

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप हुए चर्चित जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा हत्याकांड में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। मामले के मुख्य नामजद आरोपी प्रेम नायक को पुलिस ने गम्हरिया हाट-बाजार से गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और उसके निशानदेही पर फरार अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। गौरतलब है कि शनिवार दोपहर करीब एक बजे गोप पाड़ा निवासी जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा (27) की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई थी। मृतक के भाई सोनू गोप ने पुलिस को दिए बयान में शिवम प्रामाणिक, शिबू, गणेश और प्रेम नायक पर हत्या का आरोप लगाया था। परिजनों के अनुसार सुबह किसी बात को लेकर गणेश और जगन्नाथ के बीच विवाद हुआ था जिसके बाद प्रेम नायक उसे घर से बुलाकर ले गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। घटना के बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच को तेज किया था। इसी क्रम में रविवार को गम्हरिया हाट-बाजार में दबिश देकर पुलिस ने मुख्य आरोपी प्रेम नायक को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के आधार पर हत्या में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किए जाने की संभावना है। बताया जाता है कि मृतक की पत्नी की डेढ़ वर्ष पूर्व मृत्यु हो चुकी है। उसके पीछे आठ वर्षीय पुत्र और दो वर्षीय पुत्री हैं जिनके सिर से अब पिता का भी साया उठ गया है। घटना के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है।