ताज़ा-ख़बर

गढ़वा में डीजे विवाद पर बड़ी कार्रवाई, 19 गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

रिपोर्ट: VBN News Desk6 घंटे पहलेझारखण्ड

दो समुदायों में झड़प के बाद प्रशासन सख्त, रातभर छापेमारी से हालात काबू में

गढ़वा में डीजे विवाद पर बड़ी कार्रवाई, 19 गिरफ्तार, थाना प्रभारी लाइन हाजिर

गढ़वा : जिले के रमकांडा थाना क्षेत्र में डीजे विवाद को लेकर दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में लापरवाही बरतने के आरोप में थाना प्रभारी सुरेंद्र सिंह कुंटिया को लाइन हाजिर कर दिया गया है जबकि पुलिस ने दोनों पक्षों से कुल 19 लोगों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार यह विवाद बीते 24 घंटे से लगातार बढ़ता जा रहा था। बुधवार शाम कौआखोह शिव चबूतरा में महावीर पताका स्थापना के दौरान डीजे को लेकर शुरू हुआ विवाद झड़प में बदल गया। इसके बाद गुरुवार को हिंदू समुदाय के लोगों ने सड़क जाम कर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया और आरोपियों की गिरफ्तारी व थाना प्रभारी को हटाने की मांग की। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अमन कुमार के निर्देश पर पुलिस ने रातभर छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान एक पक्ष से 13 और दूसरे पक्ष से 6 लोगों को गिरफ्तार किया गया। साथ ही मौके से 18 मोटरसाइकिल और 9 मोबाइल फोन जब्त किए गए हैं। पुलिस ने पथराव और झड़प के मामले में अलग से प्राथमिकी दर्ज कर जांच तेज कर दी है। प्रशासन द्वारा दो अनुमंडलों के डीएसपी, कई थाना प्रभारी और भारी पुलिस बल की तैनाती कर हालात को नियंत्रित किया गया है। एसपी अमन कुमार ने स्पष्ट किया कि कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में तनाव बना हुआ है लेकिन पुलिस की सक्रियता से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।

इन्हें भी पढ़ें.