रामनवमी जुलूस में सेवा भाव का संदेश, श्रीराम सेना लगाएगी भव्य सेवा स्टॉल
श्रद्धालुओं के लिए खिचड़ी भोग व जल सेवा, सन्नी सिंह ने दिया सामाजिक एकता का संदेश

गम्हरिया : रामनवमी के पावन अवसर पर सेवा और भक्ति का अनूठा संगम देखने को मिलेगा। श्रीराम सेना के अनुसार शनिवार को गम्हरिया के लाल बिल्डिंग चौक पर रामनवमी जुलूस के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष सेवा स्टॉल लगाया जाएगा, जहां खिचड़ी भोग एवं शुद्ध ठंडा जल का वितरण किया जाएगा। इस सेवा कार्य को लेकर श्रीराम सेना के अध्यक्ष सह झामुमो नेता सन्नी सिंह ने कहा कि रामनवमी केवल आस्था का पर्व नहीं बल्कि सेवा और समाज को जोड़ने का भी अवसर है। उन्होंने कहा कि जुलूस में शामिल श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो इसके लिए समिति द्वारा पूरी तैयारी की गई है। उन्होंने सभी लोगों से शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ पर्व मनाने की अपील की। सन्नी सिंह ने आगे कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और लोगों को एक-दूसरे के करीब लाते हैं। वहीं श्रीराम सेना के महासचिव सह समाजसेवी मनोज कुमार ने बताया कि कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता जुटेंगे और सेवा कार्य को सफल बनाने में योगदान देंगे। आयोजन समिति के अनुसार यह सेवा स्टॉल रामनवमी जुलूस के दौरान प्रमुख आकर्षण का केंद्र होगा जहां श्रद्धालुओं को निःस्वार्थ भाव से सेवा प्रदान की जाएगी। इस पहल को लेकर स्थानीय लोगों में भी खासा उत्साह देखा जा रहा है।