ताज़ा-ख़बर

पलामू ऑनर किलिंग कांड में बड़ी कार्रवाई, पिता अगस्त कुमार महतो गिरफ्तार

रिपोर्ट: VBN News Desk5 घंटे पहलेअपराध

इंस्टाग्राम से शुरू हुई प्रेम कहानी का दर्दनाक अंत, बेटी की हत्या में पिता गिरफ्तार, भेजा गया जेल

पलामू ऑनर किलिंग कांड में बड़ी कार्रवाई, पिता अगस्त कुमार महतो गिरफ्तार

पलामू : जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र के लोहरा गांव में हुए चर्चित ऑनर किलिंग मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित पिता अगस्त कुमार महतो को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद मंगलवार को उसे न्यायालय में प्रस्तुत किया गया जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। इससे पूर्व पुलिस युवती के प्रेमी राजबली मेहता को भी गिरफ्तार कर चुकी है। लेस्लीगंज के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रशांत कुमार ने बताया कि 25 मई को हुई इस सनसनीखेज घटना की शुरुआती जांच में ही ऑनर किलिंग की आशंका सामने आई थी। इसके बाद पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू की। जांच के दौरान पता चला कि युवती और राजबली मेहता के बीच इंस्टाग्राम के माध्यम से प्रेम संबंध स्थापित हुआ था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और कथित रूप से उन्होंने गुप्त रूप से विवाह भी कर लिया था। पुलिस के अनुसार बाद में युवती सामाजिक रूप से इस रिश्ते को मान्यता दिलाने का दबाव बना रही थी जबकि राजबली इससे बचना चाहता था। आरोप है कि युवती से पीछा छुड़ाने के लिए उसने उसकी कुछ आपत्तिजनक तस्वीरें परिजनों तक पहुंचा दीं। तस्वीरें सामने आने के बाद परिवार में तनाव और आक्रोश बढ़ गया। जांच में सामने आया कि तस्वीरें देखने के बाद पिता अगस्त कुमार महतो गुस्से में आ गया और उसने धारदार हथियार से अपनी बेटी की हत्या कर दी। घटना के बाद वह फरार हो गया था। 26 मई को प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पलामू पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपित की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी (टांगी) भी बरामद कर ली है। अधिकारियों के अनुसार मामले से जुड़ा एक अन्य आरोपित अभी फरार है जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

इन्हें भी पढ़ें.