ताज़ा-ख़बर

लातेहार में उग्रवाद पर बड़ा प्रहार, जेजेएमपी के दो सक्रिय नक्सली हथियारों के साथ गिरफ्तार

रिपोर्ट: अकरम 6 दिन पहलेझारखण्ड

जंगल में छापेमारी के दौरान AK-47 व SLR बरामद, कुख्यात शंकर राम की तलाश तेज

लातेहार में उग्रवाद पर बड़ा प्रहार, जेजेएमपी के दो सक्रिय नक्सली हथियारों के साथ गिरफ्तार

बरवाडीह : लातेहार जिले में उग्रवाद के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक बार फिर बड़ी सफलता हाथ लगी है। प्रतिबंधित नक्सली संगठन जेजेएमपी (JJMP) के दो सक्रिय उग्रवादियों को पुलिस ने हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है जबकि संगठन का कुख्यात सदस्य शंकर राम मौके से फरार होने में सफल रहा। पुलिस अधीक्षक कुमार गौरव ने प्रेस वार्ता में बताया कि गुप्त सूचना मिली थी कि जेजेएमपी का उग्रवादी शंकर राम अपने दस्ते के साथ कुरुखेता जंगल क्षेत्र में सक्रिय है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहा है। सूचना के आधार पर मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास, छिपादोहर थाना प्रभारी याकिन अंसारी और सैट व जिला बल की संयुक्त टीम ने सघन छापेमारी अभियान चलाया। छापेमारी के दौरान पुलिस को देखते ही उग्रवादी भागने लगे लेकिन सुरक्षाबलों ने खदेड़कर दो नक्सलियों को दबोच लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों की पहचान पलामू के जोबला निवासी 26 वर्षीय मनोज लोहरा और लातेहार के सिमरियाटांड निवासी 24 वर्षीय महादेव सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने मनोज लोहरा के पास से एक एसएलआर राइफल, मैगजीन, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किया है। वहीं महादेव सिंह के पास से भी हथियार और अन्य नक्सली सामग्री जब्त की गई। इसके अलावा जंगल में तलाशी के दौरान झाड़ियों से एक AK-47 राइफल, मैगजीन, भारी मात्रा में गोलियां, वायरलेस सेट और अन्य आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की गई। फिलहाल फरार शंकर राम और उसके अन्य सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए जंगल क्षेत्र में लगातार सर्च ऑपरेशन जारी है। इस अभियान में सैट-42 कुमंडिह पिकेट, सैट-137 आईआरबी-04 छिपादोहर और मनिका थाना के जवान भी शामिल रहे। पुलिस की इस कार्रवाई को उग्रवाद के खिलाफ बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है। इससे न केवल जेजेएमपी नेटवर्क को करारा झटका लगा है बल्कि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी और मजबूत हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.