ताज़ा-ख़बर

ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में तीन साल बाद बड़ी कामयाबी, वैशाली से गिरफ्तार हुआ फरार आरोपी सुरेश राय

रिपोर्ट: MANISH 19 घंटे पहलेअपराध

आदित्यपुर के चर्चित सोना लूटकांड का फरार आरोपी गिरफ्तार, पटना-मुंबई-दिल्ली में ठिकाने बदलकर पुलिस को दे रहा था चकमा

ईश्वर लाल ज्वेलर्स लूटकांड में तीन साल बाद बड़ी कामयाबी, वैशाली से गिरफ्तार हुआ फरार आरोपी सुरेश राय

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के चर्चित ईश्वर लाल ज्वेलर्स सोना लूटकांड में आदित्यपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने करीब तीन साल से फरार चल रहे आरोपी सुरेश राय उर्फ नायडू यादव को बिहार के वैशाली जिले से गिरफ्तार किया है। सोमवार, 26 अक्टूबर 2026 को वैशाली के बिदुपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत कंचनपुर में छापेमारी कर उसे पकड़ा गया। सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने आदित्यपुर थाना में प्रेस वार्ता कर इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार 6 अगस्त 2023 को सुबह करीब 10:30 बजे लाल बिल्डिंग के पास स्थित ईश्वर लाल ज्वेलर्स से हथियारबंद अपराधियों ने लगभग 545 ग्राम सोना लूट लिया था। इसकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई गई थी। मामले में आदित्यपुर थाना कांड संख्या 243/2023 दर्ज किया गया था। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने रूपेश झा उर्फ गोलू झा, अनुज कुमार झा, आशीष कुमार सिंह और पिंटू कुमार को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। पुलिस के मुताबिक घटना में इस्तेमाल हथियार और लूट से संबंधित सामान भी बरामद किया गया था। हालांकि, सुरेश राय लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था। वह पटना, मुंबई और दिल्ली में छिपकर रह रहा था। पिछले चार-पांच महीनों से पुलिस उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी वैशाली जिले के बिदुपुर थाना क्षेत्र के कंचनपुर का निवासी है और उसकी उम्र 26 वर्ष है। पुलिस ने उसके विरुद्ध अवैध शराब कारोबार, मारपीट, अपहरण और आर्म्स एक्ट से जुड़े मामलों में पूर्व संलिप्तता की भी जानकारी दी। पूछताछ में उसने इस लूटकांड में अपनी संलिप्तता स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित छापेमारी दल में आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक असलम अंसारी, सहायक अवर निरीक्षक धर्मराज कुमार और आरक्षी दीपक कुमार दास शामिल थे। एसपी ने कहा कि पुराने मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.