जादूगोड़ा पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 452 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार
गुप्त सूचना पर स्वासपुर में छापेमारी, बाइक और मोबाइल जब्त, एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज

रिपोर्ट : सौरभ कुमार
जादूगोड़ा : पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 452 ग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से गांजा के अलावा एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। पुलिस के अनुसार 15 जुलाई की शाम करीब 6:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि स्वासपुर गांव के समीप पुराना राखा माइंस की ओर एक व्यक्ति मोटरसाइकिल से घूम-घूमकर गांजा की बिक्री और तस्करी कर रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय अधिकारियों के निर्देश पर मुसाबनी के पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी अभियान चलाया गया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने स्वासपुर निवासी नागेन भकत (45 वर्ष), पिता स्व. सुभाष भकत, को संदिग्ध अवस्था में मोटरसाइकिल संख्या जेएच05डीके-6337 के साथ पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके पास मौजूद काले प्लास्टिक के बैग से 452 ग्राम गांजा बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के पास से 452 ग्राम गांजा, वीवो कंपनी का एक स्मार्टफोन तथा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की है। इस संबंध में जादूगोड़ा थाना कांड संख्या 31/2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी)(ii)(ए) के तहत मामला दर्ज करते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इस अभियान में पुलिस उपाधीक्षक रोहित कुमार रजवार, जादूगोड़ा थाना प्रभारी ईश्वर दयाल मुंडा, सहायक अवर निरीक्षक मो. मुस्ताक अंसारी सहित थाना के अन्य पुलिसकर्मियों की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।