ताज़ा-ख़बर

नीमडीह में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 अवैध चुलाई भट्टियां ध्वस्त

रिपोर्ट: MANISH 1 घंटे पहलेझारखण्ड

2400 किलो जावा महुआ व 60 लीटर अवैध शराब जब्त, अवैध कारोबारियों पर कसेगा शिकंजा

नीमडीह में उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 5 अवैध चुलाई भट्टियां ध्वस्त

नीमडीह : सरायकेला-खरसावाँ जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, भंडारण एवं बिक्री के खिलाफ उत्पाद विभाग ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त सरायकेला-खरसावाँ एवं अधीक्षक उत्पाद के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत शनिवार को नीमडीह थाना क्षेत्र के ग्राम जुगीलोंग में छापेमारी कर पांच अवैध चुलाई भट्टियों को ध्वस्त कर दिया गया। उत्पाद विभाग को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गठित टीम ने 29 अगस्त को जुगीलोंग गांव में कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान अवैध महुआ शराब निर्माण के लिए संचालित किए जा रहे अड्डों का पता लगाया गया। कार्रवाई के दौरान मौके से करीब 2,400 किलोग्राम जावा महुआ तथा 60 लीटर महुआ चुलाई शराब बरामद की गई जिसे विभागीय टीम ने विधिवत जब्त कर लिया। उत्पाद विभाग के अनुसार बरामद अवैध उत्पाद एवं चुलाई भट्टियों के संचालन से जुड़े व्यक्तियों के विरुद्ध झारखंड उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत अभियोग दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। विभाग द्वारा संबंधित अवैध चुलाई अड्डा संचालकों की पहचान कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के विनिर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। अवैध शराब से स्वास्थ्य पर पड़ने वाले गंभीर दुष्प्रभावों और इससे उत्पन्न सामाजिक समस्याओं को देखते हुए आम लोगों से भी सहयोग की अपील की गई है। नागरिकों से कहा गया है कि यदि उनके क्षेत्र में अवैध शराब का निर्माण या बिक्री हो रही है तो इसकी सूचना तत्काल संबंधित विभाग अथवा प्रशासन को दें ताकि समय पर कार्रवाई की जा सके। इस संबंध में उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने स्पष्ट कहा है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण और बिक्री जैसी गतिविधियों को किसी भी परिस्थिति में बढ़ावा नहीं दिया जाएगा। ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मचा हुआ है।

इन्हें भी पढ़ें.