चतरा में विवाहिता की संदिग्ध मौत से सनसनी, हत्या के बाद शव जलाने का आरोप, 3 गिरफ्तार
मायके वालों के पहुंचने से पहले गुपचुप अंतिम संस्कार! इटखोरी में 16 नामजद समेत 20 अज्ञात पर हत्या का मामला

चतरा : जिले के इटखोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत पकरिया गांव से एक दिल दहला देने वाली और सनसनीखेज घटना सामने आई है। यहां एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद ससुराल पक्ष पर हत्या करने और साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से मायके वालों तथा पुलिस को सूचना दिए बिना आनन-फानन में शव का अंतिम संस्कार करने का गंभीर आरोप लगा है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। मृतका की पहचान चांदनी देवी के रूप में हुई है। गिरिडीह जिले के डुमरी निवासी मृतका के भाई नितेश कुमार साहू ने पुलिस को दिए आवेदन में बताया कि चांदनी की शादी करीब 12 वर्ष पूर्व पकरिया गांव निवासी त्रिवेणी साव के साथ हिंदू रीति-रिवाज से हुई थी। मायके पक्ष का आरोप है कि शादी के करीब पांच वर्ष बाद से ही पति त्रिवेणी साव का किसी अन्य महिला के साथ कथित अवैध संबंध था। चांदनी देवी द्वारा इसका विरोध किए जाने पर उसके साथ शराब के नशे में मारपीट की जाती थी। शिकायत में ससुर महावीर साव, सास कैलती देवी और ननद प्रतिमा देवी सहित अन्य लोगों पर भी मृतका को शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का आरोप लगाया गया है। परिजनों के अनुसार घटना वाली रात ससुराल पक्ष ने फोन कर बताया कि पेट दर्द के कारण चांदनी देवी की मौत हो गई है। मौत की खबर मिलते ही मायके वाले पकरिया गांव के लिए रवाना हुए, लेकिन आरोप है कि उनके पहुंचने से पहले ही ससुराल वालों ने गुपचुप तरीके से शव का अंतिम संस्कार कर दिया। इटखोरी थाना प्रभारी अभिषेक कुमार सिंह ने बताया कि मायके पक्ष की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 9 बजे पुलिस श्मशान घाट पहुंची लेकिन तब तक शव पूरी तरह जलकर राख हो चुका था। उन्होंने बताया कि मृतका के भाई की लिखित शिकायत के आधार पर पति त्रिवेणी साव, सास-ससुर और अन्य रिश्तेदारों समेत 16 नामजद तथा 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छुपाने से संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस ने मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर सघन छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।