ताज़ा-ख़बर

कपाली में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 58 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ चार युवक गिरफ्तार

रिपोर्ट: MANISH 12 घंटे पहलेअपराध

ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की अगुवाई में छापेमारी, दो बाइक जब्त, बड़े सरगना की तलाश तेज

कपाली में नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 58 पुड़िया ब्राउन शुगर के साथ चार युवक गिरफ्तार

कपाली : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस की नशे के खिलाफ जारी कार्रवाई के तहत कपाली ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए कथित ब्राउन शुगर तस्करी में चार युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से 58 पुड़िया ब्राउन शुगर और तस्करी में प्रयुक्त दो मोटरसाइकिल जब्त की हैं। पुलिस के अनुसार कपाली ओपी को ब्राउन शुगर की बिक्री के लिए कुछ युवकों के इलाके में पहुंचने की गुप्त सूचना मिली थी। वरीय पदाधिकारियों के निर्देश पर ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल गठित किया गया। टीम ने घेराबंदी कर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया और तलाशी के दौरान ब्राउन शुगर की 58 पुड़िया बरामद की। गिरफ्तार आरोपियों में आकाश महतो (19), शिबू गोराई (20), सुमित कुमार यादव (करीब 19) और राहुल यादव (करीब 20) शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार मामला कपाली ओपी थाना कांड संख्या 107/26, दिनांक 08 अगस्त 2026 से संबंधित है। ओपी प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ में एक बड़े सरगना के बारे में जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि पुलिस का लक्ष्य केवल पैडलरों को गिरफ्तार करना नहीं बल्कि पूरे नशा तस्करी नेटवर्क को तोड़ना है। सरगना और उसके सहयोगियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में नशे के कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और निगरानी व कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़ें.