आदित्यपुर में ऑनलाइन सट्टेबाजी के बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़, तीन आरोपी गिरफ्तार, 15 मोबाइल समेत भारी उपकरण जब्त
शिवनारायणपुर में चल रहा था हाईटेक सट्टा रैकेट, बैंक खाते और नेटवर्क की जांच में जुटी सरायकेला पुलिस

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिला पुलिस ने ऑनलाइन सट्टेबाजी (बेटिंग) और जुए के एक संगठित गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 स्मार्टफोन, 13 सक्रिय सिम कार्ड, दो लैपटॉप, एयर फाइबर यूनिट, डेबिट कार्ड, यूपीआई क्यूआर कोड और अन्य डिजिटल उपकरण बरामद किए गए हैं। पूरे मामले का खुलासा सरायकेला के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) अनुभव भारद्वाज एवं आदित्यपुर थाना प्रभारी अंजनी कुमार ने संयुक्त प्रेस वार्ता में किया। पुलिस के अनुसार गुप्त सूचना मिली थी कि आदित्यपुर थाना क्षेत्र के शिवनारायणपुर गांव में इंटरनेट के माध्यम से बड़े पैमाने पर अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी का कारोबार संचालित किया जा रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया। टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर छापेमारी की, जहां से तीन आरोपियों को रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान बिहार के बेगूसराय निवासी सुमित कुमार (22 वर्ष), खगड़िया निवासी गुलशन कुमार (21 वर्ष) तथा वर्तमान में पूर्वी सिंहभूम में रह रहे मनोज कुमार (42 वर्ष) के रूप में हुई है, जिनका स्थायी पता बिहार के भोजपुर जिले में है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से ओप्पो, वीवो, पोको, टेक्नो, रेडमी और आईफोन सहित 15 स्मार्टफोन, 13 एक्टिवेटेड सिम कार्ड (बीएसएनएल, वीआई एवं जियो), तीन डेबिट कार्ड, चार एयरटेल एयर फाइबर यूनिट व वाई-फाई उपकरण, दो लैपटॉप, कीबोर्ड, चार्जर, एडॉप्टर, हिसाब-किताब से संबंधित डायरियां तथा छह यूपीआई क्यूआर कोड की प्रतियां बरामद की हैं। एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि यह गिरोह आधुनिक तकनीक और इंटरनेट का उपयोग कर ऑनलाइन बेटिंग एवं सट्टेबाजी का अवैध कारोबार चला रहा था। पुलिस अब आरोपियों के बैंक खातों, डिजिटल लेन-देन, मोबाइल डेटा और पूरे नेटवर्क की गहन जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस गिरोह से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं तथा इसका नेटवर्क किन राज्यों तक फैला हुआ है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि अवैध ऑनलाइन सट्टेबाजी के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।