ताज़ा-ख़बर

माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जंगल से इंसास और एकेएम राइफल समेत 232 गोलियां बरामद

रिपोर्ट: VBN News Desk46 मिनट पहलेझारखण्ड

एमजीएम और चाकुलिया थाना क्षेत्र में संयुक्त तलाशी अभियान, पांच मैगजीन और अन्य सामग्री भी मिली

माओवादियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, जंगल से इंसास और एकेएम राइफल समेत 232 गोलियां बरामद

पूर्वी सिंहभूम। पूर्वी सिंहभूम जिले में भाकपा माओवादी संगठन के खिलाफ सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. एहतेशाम वकारिब के निर्देश पर बुधवार को एमजीएम और चाकुलिया थाना क्षेत्रों के दुर्गम जंगल एवं पहाड़ी इलाकों में चलाए गए संयुक्त सघन तलाशी अभियान में इंसास और एकेएम राइफल सहित भारी मात्रा में हथियार और गोलियां बरामद की गईं।

पुलिस के अनुसार, भाकपा माओवादी से जुड़े मंगल महतो और मालती मुर्मू की निशानदेही पर यह अभियान चलाया गया। सुबह पांच बजे से शाम चार बजे तक चले अभियान में जमशेदपुर पुलिस, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल की कोबरा इकाई, कोलकाता पुलिस की विशेष कार्यबल और झारखंड जगुआर के जवान शामिल रहे।

सुरक्षाबलों ने एमजीएम थाना क्षेत्र के छोटा बांकी और कुड़लुंग पहाड़ तथा चाकुलिया थाना क्षेत्र के जोभी जंगल में संदिग्ध स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। इस दौरान कुड़लुंग पहाड़ से एक इंसास राइफल, 85 चक्र गोलियां और तीन मैगजीन बरामद हुईं। वहीं, जोभी जंगल से एक एकेएम राइफल, 147 चक्र गोलियां और दो मैगजीन बरामद की गईं।

पुलिस के मुताबिक, दोनों स्थानों से कुल दो राइफल, 232 चक्र गोलियां, पांच मैगजीन और एक सीलिंग बरामद हुई है। बरामद हथियार और गोलियों को विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत जब्त कर लिया गया है।

अभियान में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार, एमजीएम थाना प्रभारी सह पुलिस निरीक्षक सचिन कुमार दास, बोड़ाम थाना प्रभारी नीरज कुमार, चाकुलिया थाना प्रभारी राजेश कुमार सहित पुलिस और सुरक्षा बलों के अधिकारी व जवान शामिल थे। कोबरा-209 और कोबरा-203 के सहायक कमांडेंट, झारखंड जगुआर तथा कोलकाता विशेष कार्यबल के अधिकारी भी अभियान में शामिल रहे।

पुलिस ने बताया कि बरामद सामग्री और अभियान के दौरान सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई और अनुसंधान किया जा रहा है। क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत बनाए रखने के लिए तलाशी और निगरानी अभियान जारी रहेगा।

इन्हें भी पढ़ें.