गजेन्द्र पटेल को झारखंड भाजपा का प्रभारी बनाए जाने पर प्रदेश नेताओं ने दी बधाई
सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह सह-प्रभारी नियुक्त, प्रदीप वर्मा व अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी

रांची। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन की ओर से गजेन्द्र पटेल को झारखंड प्रदेश का प्रभारी तथा सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह को सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर प्रदेश भाजपा के नेताओं ने बधाई दी है। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू, नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी सहित पार्टी के कई प्रमुख नेताओं ने नवनियुक्त पदाधिकारियों के सफल कार्यकाल की कामना की।
वहीं, झारखंड के वरीय नेता सह राष्ट्रीय मंत्री और राज्यसभा सांसद प्रदीप कुमार वर्मा तथा राजमहल के पूर्व विधायक अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश का सह-प्रभारी नियुक्त किए जाने पर भी प्रदेश नेताओं ने प्रसन्नता जताते हुए बधाई दी।
प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि गजेन्द्र पटेल, सौरभ सिंह और निवेदिता सिंह के संगठनात्मक अनुभव एवं नेतृत्व क्षमता का लाभ झारखंड भाजपा को मिलेगा। उनके कुशल मार्गदर्शन और नेतृत्व से प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा, गति और मजबूती प्राप्त होगी। उन्होंने प्रदीप कुमार वर्मा और अनंत ओझा को उत्तर प्रदेश की जिम्मेदारी मिलने पर भी बधाई दी। साहू ने कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनाव होने हैं और ऐसे समय में झारखंड के इन नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है।
नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नवनियुक्त प्रभारी और सह-प्रभारी के मार्गदर्शन में प्रदेश संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा बूथ से लेकर प्रदेश स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को और गति मिलेगी।
संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व और संगठनात्मक अनुभव से झारखंड में भाजपा को नई ऊर्जा और मजबूती मिलेगी।
पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, अर्जुन मुंडा, चम्पाई सोरेन, मधु कोड़ा, केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी, संजय सेठ, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश, रवींद्र कुमार राय, दिनेशानंद गोस्वामी, यदुनाथ पाण्डेय, प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, नीलकंठ सिंह मुंडा सहित अन्य नेताओं ने भी सभी को बधाई देते हुए सफल कार्यकाल की कामना की।