ताज़ा-ख़बर

चैनपुर के सोहन चौक पर चोरों का आतंक: नीरज झा की मनियारी दुकान का अल्वेस्टर तोड़कर नगद और सामान चोरी, दुकानदारों में भारी आक्रोश

रिपोर्ट: शनिरंजन 42 मिनट पहलेझारखण्ड

चैनपुर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त के दावों के बीच चोर सुनसान रात का फायदा उठाकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं।

चैनपुर के सोहन चौक पर चोरों का आतंक: नीरज झा की मनियारी दुकान का अल्वेस्टर तोड़कर नगद और सामान चोरी, दुकानदारों में भारी आक्रोश

चैनपुर: चैनपुर थाना क्षेत्र में चोरों के हौंसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला चैनपुर के सोहन चौक स्थित नीरज झा की मनियारी दुकान का है, जहाँ देर रात अज्ञात चोरों ने छत का अल्वेस्टर तोड़कर दुकान के अंदर धावा बोला और नकदी समेत हजारों के सामान पर हाथ साफ कर दिया। इस घटना के बाद से स्थानीय दुकानदारों में भारी नाराजगी और दहशत का माहौल है।

चैनपुर बाजार क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस गश्त के दावों के बीच चोर सुनसान रात का फायदा उठाकर लगातार वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। हाल ही में टूलू पंप चोरी के मामलों में पुलिस ने कार्रवाई की थी लेकिन इसके बावजूद चोरों के हौसले पस्त नहीं हुए हैं।दुकानदार नीरज झा ने बताया कि जब वे सुबह करीब 7:00 बजे दुकान में झाड़ू लगाने पहुँचे और ताला खोला तो दुकान का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। ऊपर छत का अल्वेस्टर टूटा हुआ था और नीचे एक बड़ा पत्थर गिरा मिला। चोरों ने दुकान के अंदर रखे लगभग 5,000 रुपये नकद के अलावा कुरकुरे, कोल्ड ड्रिंक्स, सिगरेट और अन्य सामानों की चोरी कर ली।

हैरानी की बात यह है कि चोरों ने दुकान के अंदर ही लाइट जलाकर आराम से सामान खाया-पिया और दुकान के बाहर सेवन शॉट व कई अन्य पटाखे भी जलाए। इस घटना में कुल 25 से 30 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही चैनपुर पुलिस मौके पर पहुँची और स्थिति का बारीकी से मुआयना किया। पुलिस आसपास के संदिग्धों की सुरागकशी में जुट गई है और जल्द ही चोरों को दबोचने का दावा कर रही है। लगातार बढ़ रही चोरी की इन वारदातों से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है।

इन्हें भी पढ़ें.