बीजीआर साइट ऑफिस तोड़फोड़ मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, एक आरोपी गिरफ्तार
गोंदलपुरा निवासी विकास कुशवाहा भेजा गया जेल, अन्य आरोपियों की तलाश जारी

**रिपोर्ट : अजय कुमार **
बड़कागांव, हजारीबाग : बादम कोल खनन परियोजना क्षेत्र में स्थित बीजीआर इंफ्रा माइनिंग के साइट ऑफिस में तोड़फोड़ के मामले में बड़कागांव पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान गोंदलपुरा गांव निवासी विकास कुमार कुशवाहा के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह बड़ी संख्या में लोगों ने बीजीआर इंफ्रा माइनिंग के साइट कार्यालय पहुंचकर कथित रूप से तोड़फोड़ की घटना को अंजाम दिया था। घटना की सूचना मिलते ही बड़कागांव थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह के नेतृत्व में पुलिस हरकत में आई और मामले की जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विकास कुमार कुशवाहा को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। थाना प्रभारी दीपक कुमार सिंह ने बताया कि साइट ऑफिस में हुई तोड़फोड़ की घटना को गंभीरता से लिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी गिरफ्तार कर कानून के दायरे में लाया जाएगा। पुलिस प्रशासन का कहना है कि परियोजना क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है और किसी भी प्रकार की हिंसा, तोड़फोड़ अथवा अवैध गतिविधियों को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था भी बढ़ा दी गई है। इधर पुलिस की कार्रवाई के बाद खनन परियोजना क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने तथा किसी भी विवाद की स्थिति में कानून का सहारा लेने की अपील की है। मामले की जांच जारी है और पुलिस अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।