लातेहार में नक्सलियों पर बड़ा पुलिस-एसएसबी अभियान, 2 इनामी गिरफ्तार
इस संबंध में एसएसबी कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने डालडा फैक्ट्री स्थित कैंप में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी।
By Santosh
लातेहार: लातेहार जिले के महुआडांड़ और गारू प्रखंड में नक्सलियों के खिलाफ चलाए गए जन जागरूकता और नक्सल विरोधी अभियान का असर दिखाई दिया। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 32वीं वाहिनी और लातेहार पुलिस के संयुक्त ऑपरेशन में भाकपा माओवादी के जोनल कमांडर मृत्युंजय भुइयां उर्फ फ्रेश भुइंया और एक अन्य नक्सली को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया।
इस संबंध में एसएसबी कमांडेंट राजेश कुमार सिंह ने डालडा फैक्ट्री स्थित कैंप में प्रेसवार्ता कर जानकारी दी। उन्होंने बताया कि लगातार चल रहे अभियान और जन जागरूकता कार्यक्रमों के परिणामस्वरूप 10 लाख रुपये के इनामी मृत्युंजय भुइयां और 2 लाख रुपये के इनामी बबलू राम को गिरफ्तार करना संभव हुआ।
कमांडेंट ने बताया कि सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के रास्तों में अवरोध खड़े कर उन्हें जंगल और पहाड़ से बाहर आने के लिए मजबूर किया। इस ऑपरेशन में पाँच कंपनियां और करीब 500 जवान शामिल थे। इसके अलावा खुफिया तंत्र ने नक्सलियों के राशन और आपूर्ति नेटवर्क की पहचान कर कार्रवाई में अहम योगदान दिया।
कमांडेंट ने शेष बचे तीन नक्सलियों से अपील की कि वे समय रहते आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में लौट आएं, अन्यथा उन्हें पकड़ने के लिए टैक्टिकल ऑपरेशन जारी रहेगा। राजेश कुमार सिंह ने कहा, “यह अभियान लातेहार पुलिस और एसएसबी की संयुक्त ताकत और जन जागरूकता कार्यक्रमों की सफलता को दर्शाता है।”