कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की बड़ी सफलता, 10 संगीन मामलों का आरोपी हथियार के साथ गिरफ्तार
एसडीपीओ शिव कुमार बोले- अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस, फरार आरोपी की गिरफ्तारी तक जारी रहेगा अभियान

चांडिल : सरायकेला-खरसावां जिले की कपाली ओपी पुलिस ने अपराध नियंत्रण अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए हथियार के साथ घूम रहे एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार की त्वरित कार्रवाई और चांडिल एसडीपीओ शिव कुमार के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महतो होटल के समीप घेराबंदी कर 10 संगीन मामलों के आरोपी गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26) को दबोच लिया। उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई है जबकि उसका एक साथी मौके से फरार हो गया जिसकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में एसडीपीओ शिव कुमार ने बताया कि 31 जुलाई की शाम पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि दो अपराधी स्कूटी से हथियार लेकर किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के साथ विशेष टीम का गठन कर पुड़ीसिल्ली स्थित महतो होटल के पास घेराबंदी की गई। पुलिस को देखते ही दोनों आरोपी भागने लगे, लेकिन पुलिस ने पीछा कर गुड्डू गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास बेहद गंभीर है। उसके खिलाफ सोनारी, घोड़ाबांधा, चांडिल और कपाली थाना क्षेत्रों में हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट तथा एससी/एसटी एक्ट सहित कुल 10 संगीन मामले दर्ज हैं। बरामद हथियार को जब्त कर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है। एसडीपीओ शिव कुमार ने कहा कि सरायकेला-खरसावां पुलिस अपराध और अवैध हथियार रखने वालों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है और किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा। इस अभियान में एसडीपीओ शिव कुमार, कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार, हसनैन अंसारी तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अपराध पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए आगे भी ऐसे विशेष अभियान लगातार जारी रहेंगे।