ताज़ा-ख़बर

तलवार भांजकर मनोज चौधरी ने किया रामनवमी जुलूस का शुभारंभ, थाना चौक बना भक्तिमय

रिपोर्ट: MANISH 17 घंटे पहलेझारखण्ड

ढोल-नगाड़े, झांकियां और करतबों से सजी भव्य शोभायात्रा, रामभक्ति में डूबा पूरा इलाका

तलवार भांजकर मनोज चौधरी ने किया रामनवमी जुलूस का शुभारंभ, थाना चौक बना भक्तिमय

सरायकेला : रामनवमी के पावन अवसर पर श्री श्री महावीर अखाड़ा थाना चौक द्वारा भव्य जुलूस का आयोजन किया गया जिसका शुभारंभ नगर पंचायत अध्यक्ष मनोज कुमार चौधरी ने पारंपरिक अंदाज में तलवार भांजकर किया। इस अनोखे और उत्साहपूर्ण शुभारंभ ने पूरे क्षेत्र में धार्मिक ऊर्जा और जोश का संचार कर दिया। इस अवसर पर मनोज चौधरी ने कहा कि रामनवमी केवल एक पर्व नहीं बल्कि हमारी सनातन संस्कृति, परंपरा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने भगवान श्रीराम के आदर्शों को अपनाने की अपील करते हुए कहा कि उनका जीवन सत्य, मर्यादा, त्याग और कर्तव्य की प्रेरणा देता है जिसे समाज में उतारना बेहद जरूरी है। जुलूस में बड़ी संख्या में श्रद्धालु, अखाड़ा के सदस्य, युवा और स्थानीय नागरिक शामिल हुए। ढोल-नगाड़ों की गूंज, भक्ति गीतों की धुन और आकर्षक झांकियों ने थाना चौक सहित पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण में बदल दिया। जुलूस के दौरान अखाड़ा के खिलाड़ियों ने हैरतअंगेज करतब दिखाकर लोगों को रोमांचित कर दिया जिससे दर्शकों में उत्साह चरम पर पहुंच गया। कार्यक्रम में अखाड़ा कमेटी के प्रमुख सदस्य छोटेलाल साहू, कुणाल साहू, भोला मोहंती, शंभू आचार्य, कृष्ण राणा, सौरभ साहू, मनीष दास और सूरज सिंह सहित कई पदाधिकारी, समाजसेवी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। पूरे आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का भी विशेष ध्यान रखा गया जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। यह भव्य जुलूस न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक गौरव का भी संदेश देकर लोगों के दिलों में अपनी छाप छोड़ गया।

इन्हें भी पढ़ें.