श्रीराम सेना के सेवा शिविर का SDM अभिनव प्रकाश ने किया उद्घाटन, सन्नी सिंह ने दिया भाईचारे का संदेश
गम्हरिया विसर्जन जुलूस में उमड़ा जनसैलाब, उपमहापौर व प्रशासन की मौजूदगी में दिखी आस्था और सेवा की मिसाल

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड में शनिवार को रामनवमी के अवसर पर अखाड़ों का भव्य विसर्जन जुलूस निकाला गया जिसमें आस्था, उत्साह और सेवा का अद्भुत संगम देखने को मिला। जुलूस में हजारों श्रद्धालु, कलाकार और विभिन्न अखाड़ा समितियों के सदस्य शामिल हुए जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूब गया। जुलूस मार्ग में विभिन्न संस्थाओं द्वारा सेवा शिविर लगाए गए जहां श्रद्धालुओं और कलाकारों के बीच खाद्य सामग्री और शीतल पेय का वितरण किया गया। इन शिविरों ने भीषण भीड़ और गर्मी के बीच लोगों को राहत पहुंचाई और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण प्रस्तुत किया। लाल बिल्डिंग चौक के समीप श्रीराम सेना द्वारा लगाए गए सेवा शिविर का उद्घाटन अनुमंडल पदाधिकारी अभिनव प्रकाश ने किया। इस अवसर पर आदित्यपुर नगर निगम के उपमहापौर अंकुर सिंह सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समिति की ओर से अतिथियों का पगड़ी, अंगवस्त्र और तलवार भेंट कर पारंपरिक स्वागत किया गया। उद्घाटन के दौरान एसडीओ अभिनव प्रकाश ने रामनवमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम के आदर्श हमें सत्य, मर्यादा और कर्तव्य के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सेवा शिविरों के सफल संचालन के लिए आयोजकों की सराहना करते हुए इसे सामाजिक एकता का प्रतीक बताया। वहीं सन्नी सिंह (जो श्रीराम सेना के संरक्षक हैं) ने लोगों से अपील की कि वे आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ जुलूस में शामिल होकर इसे सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन समाज को जोड़ने और संस्कृति को मजबूत करने का कार्य करते हैं। पूरे आयोजन के दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे जिससे जुलूस शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। यह भव्य आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बना बल्कि सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का सशक्त संदेश देकर क्षेत्रवासियों के बीच गहरी छाप छोड़ गया।