मनोज कुमार चौधरी ने सरायकेला नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए किया नामांकन, समर्थकों की उमड़ी भीड़
झामुमो के समर्थन से मैदान में उतरे मनोज चौधरी, नगर राजनीति में बढ़ी सरगर्मी

सरायकेला : नगर पंचायत अध्यक्ष पद के चुनाव को लेकर मंगलवार को राजनीतिक माहौल उस समय गर्मा गया जब मनोज कुमार चौधरी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। नामांकन से पूर्व उन्होंने अपनी मां का आशीर्वाद लिया और इसके बाद समर्थकों के साथ नगर भ्रमण करते हुए जिला मुख्यालय पहुंचे। इस दौरान झारखंड मुक्ति मोर्चा के जिला अध्यक्ष डॉ. शुभेंदु महतो भी उनके साथ मौजूद रहे जिससे नामांकन को खास राजनीतिक बल मिला। उल्लेखनीय है कि दो दिन पूर्व ही झामुमो ने मनोज कुमार चौधरी को औपचारिक रूप से अपना समर्थन देने की घोषणा की थी। मनोज चौधरी पूर्व में भारतीय जनता पार्टी से जुड़े रहे हैं लेकिन पार्टी में उपेक्षा से आहत होकर उन्होंने भाजपा छोड़ झामुमो का दामन थामा। नामांकन के बाद मीडिया से बातचीत में मनोज चौधरी ने अपनी जीत का भरोसा जताया। उन्होंने कहा कि उनके लिए जाति, धर्म और संप्रदाय से ऊपर जनता का विकास है। उन्होंने बताया कि वे पूर्व में नगर पंचायत के उपाध्यक्ष रह चुके हैं और कार्यकाल समाप्त होने के बाद भी लगातार क्षेत्र में सक्रिय रहे हैं। मनोज चौधरी के नामांकन के साथ ही सरायकेला नगर क्षेत्र की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है और अब चुनावी मुकाबला रोचक होने के आसार दिख रहे हैं।