चक्रधरपुर में चुनचुन टाल में भीषण आग, इलाके में मची अफरा-तफरी
आग की लपटें देख घर खाली करने लगे लोग, दमकल और पुलिस की टीम मौके पर

चक्रधरपुर : पश्चिम सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर में टोकलो रोड स्थित चुनचुन टाल में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग की ऊंची लपटें और धुएं का गुबार देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई। आग के आसपास के घरों तक पहुंचने की आशंका को देखते हुए स्थानीय लोग एहतियातन अपने घर खाली करने लगे। कई परिवार घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने में जुट गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने के पीछे पटाखों की वजह होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ी और पुलिस प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने पानी की बौछार कर आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की विकरालता को देखते हुए एक दमकल वाहन से इसे बुझाने में कठिनाई होने की बात सामने आ रही है। इस बीच आग आसपास के घरों तक फैलने की आशंका से स्थानीय लोग चिंतित हैं। घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई है। पुलिस और दमकल कर्मी बचाव तथा आग बुझाने के प्रयास में लगे हुए हैं। स्थानीय लोग भी अपने स्तर पर घरों से सामान सुरक्षित निकालने में जुटे हैं। आग की लपटों को देखते हुए आसपास के परिवारों ने किसी अनहोनी से बचने के लिए घरों से बाहर निकलना उचित समझा। फिलहाल आग पर पूरी तरह काबू नहीं पाया जा सका है। घटना में किसी के हताहत होने या संपत्ति के नुकसान की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का आकलन आग बुझने के बाद ही हो सकेगा।