ताज़ा-ख़बर

गम्हरिया प्रखंड में बहुफसली खेती को लेकर किसानों के साथ बैठक, बीडीओ ने योजनाओं की दी जानकारी

रिपोर्ट: MANISH 5 घंटे पहलेझारखण्ड
गम्हरिया प्रखंड में बहुफसली खेती को लेकर किसानों के साथ बैठक, बीडीओ ने योजनाओं की दी जानकारी

गम्हरिया : सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया प्रखंड अंतर्गत गांजिया बराज स्थित किसान भवन में गुरुवार को किसानों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अभय कुमार द्विवेदी ने की। इस दौरान प्रखंड के ईटागढ़, नुआगढ़, चमारु, बांधडीह, बुरुडीह, यशपुर और दुगनी पंचायतों के किसान एवं किसान मित्र मौजूद रहे। बैठक में बीडीओ ने किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ मोटे अनाजों जैसे मक्का, रागी, उड़द, मूंगफली और गन्ना की खेती को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि बहुफसली खेती से किसान बेहतर आमदनी प्राप्त कर सकते हैं और सरकार भी इसके लिए विभिन्न योजनाएं चला रही है। बीडीओ ने बताया कि सरकार की ओर से किसानों को उन्नत किस्म के बीज उपलब्ध कराए जा रहे हैं। साथ ही सिंचाई सुविधा सुदृढ़ करने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं, जिनका लाभ किसान आसानी से उठा सकते हैं। उन्होंने किसानों से सरकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने की अपील की। इस अवसर पर स्वर्णरेखा परियोजना के अभियंता रोहित कुमार, प्रखंड कृषि पदाधिकारी, एटीएम और प्रखंड पशुपालन पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे। बैठक में किसानों ने भी खेती से जुड़ी अपनी समस्याएं साझा कीं और योजनाओं से जुड़ने की इच्छा जताई।

इन्हें भी पढ़ें.