ताज़ा-ख़बर

सकलदीपा से नाबालिग का हुआ अपहरण, शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप

रिपोर्ट: Shailendra Tiwary1 घंटे पहलेझारखण्ड

पीड़ित परिवार से मिले विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता

सकलदीपा से नाबालिग का हुआ अपहरण, शादी का झांसा देकर भगाने का आरोप

48 घंटे में हो गिरफ्तारी, नहीं तो होगा आंदोलन : डा. शशिभूषण

पांकी (पलामू) : पांकी प्रखंड के सकलदीपा गांव की एक नाबालिग आदिवासी लड़की को कथित रूप से शादी का झांसा देकर व बहला- फुसलाकर भगाने का मामला सामने आया है। इस संबंध में पीड़ित परिवार ने पांकी थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के विरुद्ध कार्रवाई व लड़की की सकुशल बरामदगी की मांग की है। आवेदन के अनुसार 14 जून 2026 को पीड़िता की 17 वर्षीय पुत्री व उसके साथ मौजूद 6 वर्षीय बच्ची घर से लापता हो गईं। परिजनों का आरोप है कि दोनों को बहला-फुसलाकर ले जाया गया। आवेदन में यह भी कहा गया है कि घटना के बाद परिजनों को फोन कर कथित रूप से धमकी दी गई। बच्चियों के संबंध में आपत्तिजनक बातें कही गईं। इधर मामले की जानकारी मिलने पर पांकी विधायक डॉ. शशि भूषण मेहता पीड़ित परिवार के घर पहुंचे। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद कहा कि मुहर्रम पर्व से दो दिन पूर्व मांड़न गांव के एक युवक पर नाबालिग आदिवासी लड़की को शादी का झांसा देकर अपने साथ भगा ले जाने का आरोप है। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में प्रशासन को त्वरित, निष्पक्ष व संवेदनशील कार्रवाई करनी चाहिए। विधायक ने प्रशासन से 48 घंटे के भीतर आरोपी की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समय के भीतर प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई तो सनातनी सहित आदिवासी समाज के लोग आंदोलन करने को बाध्य होंगे। मौके पर उपस्थित डीएसपी प्रशांत कुमार ने कहा कि पीड़ित परिवार के आवेदन के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। लड़की की सकुशल बरामदगी व आरोपी की जल्द गिरफ्तारी होगी। मामले में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होगी। इस दौरान लालधारी उरांव, विनोद उरांव, कैलाश उरांव, प्रेम उरांव, सुरेंद्र उरांव, शहीद मियां, राजेश्वर पासवान, गौतम उरांव, राजेंद्र पाहन, राजेंद्र उरांव, सुंदर लाल उरांव सहित सैकड़ों ग्रामीण उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.