ताज़ा-ख़बर

औरंगा नदी पर बन रहे बहुप्रतीक्षित पुल का विधायक ने लिया जायजा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

रिपोर्ट: अकरम 8 घंटे पहलेझारखण्ड

बरवाडीह-सतबरवा संपर्क को मिलेगी नई गति, निर्माणाधीन पुल का विधायक रामचंद्र सिंह और एसडीपीओ ने किया निरीक्षण

औरंगा नदी पर बन रहे बहुप्रतीक्षित पुल का विधायक ने लिया जायजा, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की चेतावनी

बरवाडीह, लातेहार : पलामू और लातेहार जिले के बीच आवागमन को सुगम बनाने वाली महत्वपूर्ण औरंगा नदी पुल परियोजना का मंगलवार को मनिका विधायक रामचंद्र सिंह ने निरीक्षण किया। बेतला-छेचानी के समीप बरवाडीह एवं सतबरवा प्रखंड को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन इस बहुप्रतीक्षित पुल का जायजा लेते हुए विधायक ने कार्य की प्रगति की समीक्षा की और संवेदक को गुणवत्ता एवं निर्धारित समयसीमा के भीतर निर्माण कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान विधायक रामचंद्र सिंह ने कहा कि औरंगा नदी पर बन रहा यह पुल क्षेत्र के विकास की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके पूर्ण होने से पलामू और लातेहार जिले के बीच संपर्क और अधिक मजबूत होगा तथा हजारों ग्रामीणों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध होगी। उन्होंने कहा कि वर्षों से इस पुल की मांग की जा रही थी और इसके निर्माण से क्षेत्र के आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षणिक विकास को नई गति मिलेगी। विधायक ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता में कमी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदक को निर्देश दिया कि सभी कार्य निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप किए जाएं और निर्माण सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखा जाए। साथ ही उन्होंने संबंधित अधिकारियों को नियमित निगरानी सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर बरवाडीह एसडीपीओ वीरेंद्र राम ने भी निर्माण स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने आसपास के ग्रामीणों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा संबंधी आवश्यक सुझाव दिए। एसडीपीओ ने कहा कि विकास परियोजनाओं को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में पूरा कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास में जनभागीदारी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। निरीक्षण कार्यक्रम के दौरान क्षेत्र के विकास, जनसुविधाओं और स्थानीय समस्याओं पर भी चर्चा की गई। मौके पर नसीम अंसारी, सईद अंसारी, अनील सिंह, दीपु तिवारी, हेसामूल अंसारी, समसूल अंसारी, ऐनामूल अंसारी, अनवर अंसारी, दिलावर अंसारी, सलीम अंसारी, इल्तजा अंसारी, रनविजय सिंह, उमेश प्रसाद, जयप्रकाश रजक, मुखिया मंजू देवी, संजय सिंह, रंजीत कुमार सहित सैकड़ों कार्यकर्ता एवं स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

इन्हें भी पढ़ें.