पूर्व मंत्री आलमगीर आलम से मिले विधायक रामचंद्र सिंह, राजनीतिक और विकास मुद्दों पर हुई चर्चा
रिहाई के बाद बढ़ीं राजनीतिक गतिविधियां, नेताओं और समर्थकों का आवास पहुंचना जारी

रांची : पूर्व मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता आलमगीर आलम से सोमवार को मनिका विधानसभा क्षेत्र के विधायक रामचंद्र सिंह ने रांची स्थित उनके आवास पर शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान विधायक ने गुलदस्ता भेंट कर उनका स्वागत किया। मुलाकात के समय पोखरी कलां निवासी युवा समाजसेवी हेसामुल अंसारी भी मौजूद रहे। पूर्व मंत्री आलमगीर आलम की जमानत पर रिहाई के बाद उनके आवास पर नेताओं, समर्थकों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं का लगातार पहुंचना जारी है। इसे लेकर राज्य की राजनीतिक गतिविधियां भी तेज होती नजर आ रही हैं। जानकारी के अनुसार मुलाकात के दौरान दोनों नेताओं के बीच झारखंड की वर्तमान राजनीतिक स्थिति, कांग्रेस संगठन की मजबूती तथा क्षेत्रीय विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा हुई। खास तौर पर ग्रामीण इलाकों में सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार से संबंधित योजनाओं पर विचार-विमर्श किया गया। राजनीतिक जानकार इस मुलाकात को कांग्रेस संगठन के लिए सकारात्मक संकेत के रूप में देख रहे हैं। वहीं युवा समाजसेवी हेसामुल अंसारी ने कहा कि आलमगीर आलम की रिहाई सच्चाई की जीत है। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री के बाहर आने से कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में नया उत्साह देखने को मिल रहा है। साथ ही संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिली है। पूर्व मंत्री की रिहाई के बाद लगातार हो रही राजनीतिक मुलाकातों ने झारखंड की राजनीति में नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है। राजनीतिक गलियारों में इसे आगामी रणनीतियों और संगठनात्मक सक्रियता से जोड़कर देखा जा रहा है।