ताज़ा-ख़बर

बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक रौशन लाल चौधरी सख्त, अधिकारियों संग की उच्चस्तरीय बैठक

रिपोर्ट: VBN News Desk7 घंटे पहलेझारखण्ड

बरवाडीह पावर ग्रिड निर्माण में तेजी लाने का निर्देश, लो-वोल्टेज और कटौती से जल्द राहत का दावा

बिजली व्यवस्था सुधारने को लेकर विधायक रौशन लाल चौधरी सख्त, अधिकारियों संग की उच्चस्तरीय बैठक

बड़कागांव : विधानसभा क्षेत्र में लंबे समय से जारी बिजली संकट और लो-वोल्टेज की समस्या को लेकर विधायक रौशन लाल चौधरी ने बिजली विभाग के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर स्थिति की समीक्षा की। बैठक में क्षेत्र की चरमराई बिजली व्यवस्था पर विधायक ने गहरी नाराजगी जाहिर करते हुए विभागीय अधिकारियों को कार्यप्रणाली में सुधार लाने और उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान विधायक ने कहा कि बड़कागांव सहित आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में लोग लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से परेशान हैं। गर्मी के मौसम में स्थिति और भी गंभीर हो गई है जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि जनता को बेहतर बिजली सुविधा उपलब्ध कराना सरकार और विभाग की प्राथमिक जिम्मेदारी है। विधायक रौशन लाल चौधरी ने विशेष रूप से बरवाडीह में निर्माणाधीन पावर ग्रिड परियोजना की धीमी प्रगति पर चिंता जताई। उन्होंने बताया कि जेबीवीएनएल की ओर से लगभग 35 करोड़ रुपये की लागत से नए पावर ग्रिड का निर्माण कराया जा रहा है लेकिन लंबे समय से निर्माण कार्य ठप रहने के कारण क्षेत्रवासियों को अपेक्षित लाभ नहीं मिल पा रहा है। बैठक के दौरान विधायक ने बिजली विभाग के प्रबंध निदेशक संचरण (एमडी) केके वर्मा से फोन पर बातचीत कर निर्माण कार्य में आ रही तकनीकी एवं प्रशासनिक बाधाओं को तत्काल दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने अधिकारियों से युद्धस्तर पर कार्य शुरू कर तय समय सीमा के भीतर पावर ग्रिड निर्माण पूरा करने को कहा। विधायक ने स्पष्ट किया कि परियोजना में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में मौजूद जेयूएसएनएल की वरीय प्रबंधक रूपा कुमारी एवं अन्य अधिकारियों ने विधायक को भरोसा दिलाया कि पावर ग्रिड निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी जा रही है और जल्द ही इसे पूरा कर लिया जाएगा। अधिकारियों ने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद बड़कागांव और आसपास के क्षेत्रों को बिजली संकट से स्थायी राहत मिलेगी तथा लो-वोल्टेज की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। बैठक में एबीएन टावर एंड ट्रांसमिशन लिमिटेड के प्रोजेक्ट इंचार्ज जितेंद्र कुमार, प्रोजेक्ट मैनेजर प्रवेश कुमार सत्यार्थी, आजसू केंद्रीय सदस्य संदीप कुशवाहा, कामेश्वर महतो, खेमलाल महतो, रवि राम, घनश्याम कुशवाहा, भोला महतो सहित कई जनप्रतिनिधि, रैयत और विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।

इन्हें भी पढ़ें.