ताज़ा-ख़बर

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विधायक प्रतिनिधि ने महिला थाना को सौंपा ज्ञापन, एंटी-रोमियो स्क्वाड गश्त की मांग

रिपोर्ट: Santosh Kumar2 दिन पहलेझारखण्ड

स्कूल-कॉलेजों के पास छात्राओं की सुरक्षा हमारी प्राथमिकता, लगातार हो रही निगरानी: महिला थाना प्रभारी

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विधायक प्रतिनिधि ने महिला थाना को सौंपा ज्ञापन, एंटी-रोमियो स्क्वाड गश्त की मांग

लातेहार। नगर क्षेत्र स्थित प्रमुख शिक्षण संस्थानों के आसपास छात्राओं की सुरक्षा को लेकर विधायक प्रतिनिधि गौरव दास ने महिला थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपकर नियमित एंटी-रोमियो स्क्वाड एवं पुलिस मोबाइल गश्त सुनिश्चित कराने की मांग की है।

ज्ञापन में कहा गया है कि महिला डिग्री कॉलेज, SOE CM Excellence गर्ल्स स्कूल, राजकीय +2 उच्च विद्यालय, गांधी इंटर कॉलेज, बनवारी साहू महाविद्यालय एवं नर्सिंग कॉलेज में प्रतिदिन बड़ी संख्या में छात्राएं अध्ययन के लिए आती हैं।विधायक प्रतिनिधि ने बताया कि स्कूल-कॉलेज खुलने और छुट्टी के समय संस्थानों के आसपास असामाजिक तत्वों एवं मनचलों के जमावड़े की शिकायत मिलती है।

इससे छात्राओं को असहज स्थिति का सामना करना पड़ता है। उन्होंने मांग की कि सभी शिक्षण संस्थानों के आसपास सुबह 7 से 9 बजे तथा दोपहर 2 से 3 बजे तक नियमित एंटी-रोमियो स्क्वाड एवं पुलिस मोबाइल गश्त कराई जाए। संदिग्ध लोगों की जांच कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई करने की मांग भी की गई।इसके अलावा छुट्टी के समय प्रमुख चौक-चौराहों एवं कॉलेज गेट के पास महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों को सादे लिबास में तैनात करने का आग्रह किया गया।

उन्होंने कहा कि छात्राओं को सुरक्षित एवं भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिक जिम्मेदारी है। इस संबंध में महिला थाना प्रभारी दीपाली महली ने फोन पर बताया कि पूर्व में भी सभी स्कूल-कॉलेजों का निरीक्षण किया जाता रहा है तथा समय-समय पर महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की तैनाती स्कूलों के समीप की जाती है। उन्होंने आश्वासन दिया कि छात्राओं की सुरक्षा को लेकर आगे भी आवश्यक कार्रवाई एवं निगरानी जारी रहेगी।

इन्हें भी पढ़ें.