ताज़ा-ख़बर

गृह प्रवेश का भोजन बना आफत, 400 से अधिक लोग बीमार, अस्पतालों में मची अफरातफरी

रिपोर्ट:  नीरज कुमार7 घंटे पहलेझारखण्ड

अस्पताल में 100 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है।

गृह प्रवेश का भोजन बना आफत, 400 से अधिक लोग बीमार, अस्पतालों में मची अफरातफरी

छतरपुर (पलामू) : नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुआ खरडीहा गांव में गृह प्रवेश समारोह का भोजन खाने से 400 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ने का मामला सामने आया है। उल्टी, पेट दर्द, बदन दर्द और बुखार की शिकायत के बाद बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए अस्पताल पहुंच रहे हैं। रविवार सुबह छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। अस्पताल में 100 से अधिक मरीजों का इलाज चल रहा है। जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को जमुआ खरडीहा गांव निवासी विमलेश यादव के घर गृह प्रवेश समारोह आयोजित किया गया था। इसमें आसपास के कई गांवों के लोगों ने भोजन किया था। भोजन करने के बाद लोगों की तबीयत बिगड़ने लगी। धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़कर 400 से अधिक हो गई। इससे पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। बीमार लोगों में कुछ का इलाज नौडीहा बाजार और सरईडीह में कराया जा रहा है, जबकि कई लोग बेहतर उपचार के लिए मेदिनीनगर पहुंचे हैं। वहीं, छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में शिवनंदन यादव, मंजू देवी, उर्मिला देवी, ललिता देवी, आकाश कुमार, शुभम कुमार, केसरी यादव, दिलीप कुमार, प्रदीप यादव, किशुन यादव, बरती देवी और निशा कुमारी सहित 100 से अधिक मरीजों का उपचार किया जा रहा है। अनुमंडलीय अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. राजेश अग्रवाल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला विषाक्त भोजन का प्रतीत हो रहा है। अस्पताल पहुंचने वाले सभी मरीजों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग ने गृह प्रवेश समारोह में बचे हुए भोजन को नष्ट करा दिया है। साथ ही भोजन का नमूना लेकर जांच के लिए भेजा गया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही लोगों के बीमार पड़ने के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

इन्हें भी पढ़ें.