डायन बताकर मां और दो माह के मासूम को जिंदा जलाया, पति झुलसकर बचा
कलाईया गांव में भीड़ की दरिंदगी, पेट्रोल डालकर लगाई आग; चार गिरफ्तार

चाईबासा : अंधविश्वास की भयावह तस्वीर कुमारडूंगी थाना क्षेत्र के कलाईया गांव में सामने आई, जहां डायन होने का आरोप लगाकर 32 वर्षीय महिला ज्योति सिंकु और उसके दो माह के नवजात को पेट्रोल छिड़क कर जिंदा जला दिया गया। इस दर्दनाक घटना में महिला का पति कोल्हान सिंकु (40) भी बुरी तरह झुलस गया लेकिन वह किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहा। घटना मंगलवार रात करीब नौ बजे की है। जीवित बचे कोल्हान सिंकु ने पुलिस को बताया कि वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ घर में सो रहे थे। इसी दौरान रिश्तेदार राशिका बिरुवा ने बाहर से आवाज लगाई। बाहर निकलते ही आंगन में पहले से मौजूद करीब एक दर्जन लोगों ने ज्योति पर डायन होने का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया। कोल्हान ने मामला सुबह पंचायत में सुलझाने की बात कही पर भीड़ उग्र हो गई। आरोप है कि पेट्रोल से भरा गैलन लाकर दंपती पर उड़ेल दिया गया और माचिस से आग लगा दी गई। आग की लपटों में घिरी ज्योति और उसका मासूम तड़पते रहे। कोल्हान किसी तरह जलते कपड़े उतारकर जान बचाते हुए भाग निकला। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा भेज दिया। थाना प्रभारी रंजीत उरांव ने बताया कि चार आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य संदिग्धों की तलाश में छापेमारी कर रही है। गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। यह घटना क्षेत्र में अंधविश्वास के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को और तेज कर रही है।