ताज़ा-ख़बर

पैसों के लालच में मां ने नाबालिग बेटी की बुजुर्ग से कराई शादी, पिता ने बचाई लाज

रिपोर्ट: Ashwini kumar Ghai1 घंटे पहलेझारखण्ड

आरोप है कि मां ने बेटी को यह कहकर बहकाया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि पिता जिंदा थे और बाहर काम कर रहे थे।

पैसों के लालच में मां ने नाबालिग बेटी की बुजुर्ग से कराई शादी, पिता ने बचाई लाज

मेदिनीनगर : पलामू जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां पैसों के लालच में एक मां ने अपनी नाबालिग बेटी की शादी एक बुजुर्ग व्यक्ति से करा दी। मामला नावाजयपुर क्षेत्र का है। आरोप है कि मां ने बेटी को यह कहकर बहकाया कि उसके पिता की मौत हो चुकी है, जबकि पिता जिंदा थे और बाहर काम कर रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, अगस्त 2025 में मेदिनीनगर के चियांकी मंदिर में नाबालिग की शादी एक बुजुर्ग से कराई गई। शादी के बाद नाबालिग को मेदिनीनगर में ही रखा गया।

उसे घर से बाहर निकलने की इजाजत नहीं दी जाती थी और न ही किसी से बातचीत करने दी जाती थी। उसे लगातार घर में बंद रखे जाने का आरोप है। पीड़िता किसी तरह से अपने पिता से फोन पर संपर्क करने में सफल रही और पूरी घटना की जानकारी दी। पिता बाहर काम करता था। बेटी की बात सुनते ही वह तत्काल मेदिनीनगर पहुंचा। जिस घर में नाबालिग को रखा गया था, वहां से उसे अपने साथ ले आया। किसी तरह पिता ने अपनी बेटी को इस अवैध रिश्ते से बाहर निकाला। नाबालिग की तबीयत खराब होने पर उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। जांच के दौरान अस्पताल कर्मियों को मामला संदिग्ध लगा। सूचना मिलने पर स्वास्थ्यकर्मियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस अस्पताल पहुंची। उसने पिता और नाबालिग से पूछताछ की। सीडब्ल्यूसी को सौंपा गया मामला पूछताछ के बाद पुलिस ने नाबालिग को देर शाम बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) को सौंप दिया। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है, जिसमें शादी कराने वाले लोगों और कथित बुजुर्ग की भूमिका भी शामिल है।

पिता का बयान, मां पर गंभीर आरोप

नाबालिग के पिता ने बताया कि वह बाहर में काम करता है। उसकी पहली पत्नी तीन साल पहले उसे छोड़कर चली गई थी। इसके बाद उसने दूसरी शादी कर ली। वह फिलहाल ससुराल में रह रहा है। नाबालिग बेटी पहली पत्नी से है। कुछ दिन पहले बेटी की मां गांव लौटी और उसे बरगलाकर बेच दिया गया। किसी तरह बेटी ने फोन कर पूरी सच्चाई बताई। इसके बाद वह मेदिनीनगर पहुंचा और उसे छुड़ाकर वापस लाया।

इन्हें भी पढ़ें.