देवघर पहुंचीं सांसद कंगना रनौत, भाजपा कार्यकर्ताओं ने किया जोरदार स्वागत
बाबा बैद्यनाथ और बासुकीनाथ धाम में पूजा करेंगी कंगना रनौत, सांसद खेल महोत्सव में भी होंगी शामिल

देवघर : देश की चर्चित अभिनेत्री और भारतीय जनता पार्टी की सांसद कंगना रनौत सोमवार को झारखंड के देवघर पहुंचीं। देवघर एयरपोर्ट पर उनके आगमन के साथ ही माहौल उत्साहपूर्ण हो गया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान सांसद कंगना रनौत की एक झलक पाने के लिए आम लोगों की भीड़ भी एयरपोर्ट परिसर में उमड़ पड़ी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। सुरक्षा कर्मियों ने भीड़ को नियंत्रित करते हुए कंगना रनौत को सुरक्षित रूप से वाहन तक पहुंचाया। सांसद बनने के बाद कंगना रनौत का यह देवघर दौरा धार्मिक और सामाजिक दोनों दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार एयरपोर्ट से निकलने के बाद सांसद कंगना रनौत सीधे बाबा बैद्यनाथ धाम पहुंचेंगी जहां वह विधिवत पूजा-अर्चना करेंगी। इसके पश्चात वह विश्व प्रसिद्ध बासुकीनाथ धाम में भी दर्शन-पूजन करेंगी। कंगना रनौत के इस धार्मिक दौरे को लेकर मंदिर परिसरों में भी तैयारियां की गई हैं। इसके अलावा सांसद कंगना रनौत देवघर में आयोजित सांसद खेल महोत्सव में भी शामिल होंगी जहां युवाओं और खिलाड़ियों से संवाद करने की संभावना है। उनके दौरे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।