एमएस कंस्ट्रक्शन को मिलेगा राष्ट्रीय स्तर पर वर्ष का सर्वश्रेष्ठ संस्था सम्मान, अनुराग तिवारी श्रेष्ठ नेतृत्व सम्मान से होंगे सम्मानित
मन मोहन तिवारी की विरासत को आगे बढ़ा रहा है एमएस कंस्ट्रक्शन

रेलवे एवं सरकारी परियोजनाओं में गुणवत्ता का प्रतीक बनी एमएस कंस्ट्रक्शन
मुंबई में 18 सितम्बर को होगा सम्मान समारोह, मेदिनीनगर की कंपनी को बड़ी उपलब्धि
मेदिनीनगर (पलामू) : सिविल निर्माण क्षेत्र में कार्यरत संस्था मेसर्स एमएस कंस्ट्रक्शन को रेलवे एवं सरकारी परियोजना अंतर्गत आगामी 18 सितम्बर 2025 को मुंबई में आयोजित समारोह में वर्ष का सर्वश्रेष्ठ संस्था सम्मान प्रदान किया जाएगा।
इस अवसर पर कंपनी के निदेशक अनुराग तिवारी को श्रेष्ठ नेतृत्व सम्मान से नवाजा जाएगा। संस्था ने बीते वर्षों में सड़कों, पुलों, भवनों, नवीनीकरण व आधारभूत ढांचा विकास के क्षेत्र में उच्च गुणवत्ता वाले कार्य किए हैं। संस्था का ध्येय रहा है सटीकता में पूर्णता व हर परियोजना में उत्कृष्टता।
बताते चलें कि गत वर्ष कंपनी के निदेशक मन मोहन तिवारी के असामयिक निधन के बाद भी संस्था की कार्यप्रणाली में कोई कमी नहीं आई। उनकी स्मृतियों को संबल बनाकर कंपनी ने अपनी रफ्तार व गुणवत्ता को बरकरार रखा है।
बातचीत में कंस्ट्रक्शन कंपनी के निदेशक अनुराग तिवारी ने कहा कि हमारे लिए प्रत्येक परियोजना केवल निर्माण कार्य नहीं बल्कि विश्वास व गुणवत्ता की नींव है। यह सम्मान उनकी पूरी टीम व स्व. मन मोहन तिवारी जी की प्रेरणा को समर्पित है। तिवारी ने बताया कि इस उपलब्धि में सहायक प्रबंधक अमृता, सिविल अभियंता ज्ञानेंद्र यादव, प्रबंधक अमित गुप्ता व अन्य सभी कर्मियों का सराहनीय योगदान रहा है।