ताज़ा-ख़बर

नगर परिषद चुनाव पाकुड़ की दिशा और दशा तय करेगा : बाबूलाल

रिपोर्ट: VBN News Desk10 दिन पहलेझारखण्ड

भाजपा कार्यकर्ता सम्मेलन में बोले नेता प्रतिपक्ष, चुनाव को मिशन की तरह लड़ने का आह्वान

नगर परिषद चुनाव पाकुड़ की दिशा और दशा तय करेगा : बाबूलाल

By Ajay kumar पाकुड़। आगामी नगर निकाय चुनाव को लेकर बुधवार को भारतीय जनता पार्टी पाकुड़ का कार्यकर्ता सम्मेलन जिलाध्यक्ष सरिता मुर्मू की अध्यक्षता में अपर्णा मार्केट कॉम्प्लेक्स, में आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के प्रथम मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी उपस्थित रहे। इस अवसर पर पाकुड़ नगर परिषद चुनाव में भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा, चुनाव प्रभारी परितोष सोरेन, बबलू भगत, मीरा प्रवीण सिंह, अनुग्रहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, अमृत पाण्डेय, बलराम दुबे, शर्मिला रजक, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, जिला उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद थे।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए बाबूलाल मरांडी ने कहा कि नगर परिषद चुनाव केवल एक पद का चुनाव नहीं, बल्कि पाकुड़ की दिशा और दशा तय करने वाला चुनाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि बीते दो वर्षों में नगर परिषद में अव्यवस्था, भ्रष्टाचार और जनविरोधी कार्यशैली के कारण आम जनता परेशान रही है।

उन्होंने कहा कि भाजपा इस चुनाव के माध्यम से नगर परिषद को भ्रष्टाचार मुक्त कर पारदर्शी, जवाबदेह एवं जनहितकारी प्रशासन स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है। नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा का हर कार्यकर्ता इस चुनाव को मिशन के रूप में लड़ेगा। मतदान के दिन पार्टी के कार्यकर्ता सभी बूथों पर पूरी मजबूती के साथ तैनात रहेंगे।

बाबूलाल मरांडी ने कहा कि बूथ समिति और सक्रिय कार्यकर्ताओं के संगठित प्रयास से यह सुनिश्चित किया जाएगा कि एक-एक वोट भाजपा समर्थित प्रत्याशी सम्पा साहा के पक्ष में पड़े। उन्होंने कहा कि संगठन की असली ताकत बूथ से निकलती है और इसी ताकत के बल पर भाजपा यह चुनाव जीतेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे घर-घर जाकर भाजपा की नीति और नीयत तथा पूर्व में नगर परिषद में सम्पा साहा द्वारा किए गए कार्यों को जनता के सामने रखें और जनसमर्थन तैयार करें। कार्यकर्ता सम्मेलन का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया।

इन्हें भी पढ़ें.