मागे परब की रात युवक की हत्या का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार
दोस्तों संग जश्न के बाद विवाद बना मौत की वजह, शव तालाब में फेंका

लचाईबासा : हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र में मागे परब की रात हुई युवक की हत्या का पुलिस ने बुधवार को खुलासा कर दिया। 15 फरवरी 2026 की सुबह परमसाई गांव स्थित जोड़ा तालाब से बरामद शव की पहचान भुईयाँसाई निवासी बैशाखू ग्वाला (पिता-बिंदु ग्वाला) के रूप में हुई थी। इस संबंध में हाटगम्हरिया थाना कांड संख्या 05/26 दर्ज किया गया था। मृतक की पत्नी के फर्दबयान पर हत्या कर साक्ष्य छिपाने की नीयत से शव तालाब में फेंकने का मामला दर्ज हुआ। चाईबासा के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर एसडीपीओ जगन्नाथपुर के नेतृत्व में विशेष जांच टीम गठित की गई। जांच में सामने आया कि 14-15 फरवरी की रात बैशाखू को उसके परिचित पराय बोदरा उर्फ डुडरू बोदरा और राम गागराई उर्फ बोतलराम गागराई मागे परब मनाने के लिए घर से बुलाकर ले गए थे। साथ बैठकर हड़िया पीने के दौरान विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर दोनों ने बैशाखू के साथ मारपीट की और गला दबाकर हत्या कर दी। बाद में शव को जोड़ा तालाब में फेंक दिया गया। पुलिस ने तकनीकी व मानवीय साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। मामले की आगे की जांच जारी है।