मेदिनीनगर की देवतुल्य मतदाताओं का स्नेह, विश्वास व आशीर्वाद किसी भी परिणाम से अधिक है मूल्यवान : नम्रता त्रिपाठी
मेरी प्रतिबद्धता, निष्ठा व समर्पण पूर्ववत मेदिनीनगर की सेवा में रहेगा अविचल

नम्रता त्रिपाठी ने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र की जनता का किया आभार व्यक्त
मेदिनीनगर (पलामू) : मेदिनीनगर की पूज्य देवतुल्य मतदाता के प्रति मैं अपनी कृतज्ञता विनम्र हृदय से व्यक्त करती हूं। इस लोकतांत्रिक समर में प्राप्त आप सभी के स्नेह, विश्वास व आशीर्वाद मेरे लिए किसी भी परिणाम से अधिक मूल्यवान है। यह पराजय नहीं, बल्कि जनसेवा के पथ पर आत्ममंथन और नव-संकल्प का अवसर है। उक्त बातें मेयर प्रत्याशी रही नम्रता त्रिपाठी ने कही। वे शनिवार को मेयर पद का परिणाम घोषित होने के बाद मेदिनीनगर नगर निगम के मतदाताओं के प्रति आभार व्यक्त कर रही थी। नम्रता त्रिपाठी ने मेदिनीनगर नगर निगम चुनाव में विजय प्राप्त करने वाले सभी प्रत्याशियों को हार्दिक अभिनंदन व शुभाशंसाएं प्रेषित करते हुए कहा - मेरी कामना है कि विजयी सभी प्रतिनिधि जन आकांक्षाओं के अनुरूप मेदिनीनगर के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयत्नशील रहेंगे। उन्होंने मेदिनीनगर नगर निगम क्षेत्र की जनता से कहा कि वे सभी को आश्वस्त करती हैं कि मेरी प्रतिबद्धता, मेरी निष्ठा व मेरा समर्पण पूर्ववत् मेदिनीनगर की सेवा में अविचल रहेगा। उन्होंने कहा - सच है, विपत्ति जब आती है, कायर को ही दहलाती है, सूरमा नहीं विचलित होते, क्षण एक नहीं धीरज खोते, विघ्नों को गले लगाते हैं, कांटों में राह बनाते हैं।"