मेदिनीनगर की हूं बेटी, नगर को बनाउंगी सुंदर, सुरक्षित, अपराधमुक्त व विकसित शहर : नम्रता त्रिपाठी
नम्रता मेयर बनेगी तो नगर वासियों को अपराधमुक्त व भ्रष्टाचारमुक्त नगर मिलेगा : केएन त्रिपाठी

नामांकन कार्यक्रम में उमड़ी हजारों की भीड़
मेदिनीनगर (पलामू) : मेदिनीनगर निगम की बेटी हूं। नगर को सुंदर, सुरक्षित, अपराधमुक्त व विकसित शहर बनाउंगी। उक्त बातें पूर्व मंत्री केएन त्रिपाठी की पुत्री व मेदिनीनगर नगर निगम की मेयर प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने कही। वे मंगलवार को मेयर पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने के पश्चात पत्रकारों से बातचीत कर रही थी। नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि क्षेत्र वासियों का बड़ा प्यार व आशीर्वाद मिल रहा है।
इससे वे बहुत भावुक व अभिभूत हैं। अब यह लड़ाई उनकी नहीं बल्कि नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों की है। वे निगम क्षेत्र वासियों से कहना चाहेंगी कि जिस तरह उन्हें प्यार व आशीर्वाद मिल रहा है, वह वोट में तब्दील हो जाए। एक सवाल के जवाब में नम्रता त्रिपाठी ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पिछले 5 वर्षों में सैकड़ों करोड़ राशि खर्च हो गए। लेकिन मूलभूत सुविधाओं का अत्यंत अभाव देखा जा रहा है। लेकिन चुनाव जीतने के बाद वह इसे पूरी तरह चेंज कर देंगी। प्रत्येक चौक- चौराहा पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे ताकि नगर निगम क्षेत्र में कोई अपराध करके भाग ना सके।
महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए जाएंगे। सभी नगर वासियों के पास टोल फ्री नंबर रहेगा। किसी भी तरह की दिक्कत होने पर इसका प्रयोग करेंगे। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पानी के लिए प्रत्येक वर्ष हाहाकार मचता है। वे नगर निगम क्षेत्र वासियों को आस्वस्त करती हैं कि हर हाल में उन्हें नल से हर घर शुद्ध जल उपलब्ध कराया जाएगा। मौके पर पूर्व मंत्री के केएन त्रिपाठी ने कहा कि नए ग्रामीण क्षेत्रों को नगर निगम में शामिल किया गया। लेकिन इन क्षेत्रों में 10 रुपए भी खर्च नहीं किए गए। आज तक सफाई नहीं हुई। सिंगरा, पोखराहा, बारालोटा, सूदना, रेड़मा, चैनपुर व शाहपुर क्षेत्रवासी दोहरी टैक्स व मालगुजारी देने को विवश हैं। बदले में इन्हें निगम की एक भी सुविधा नहीं मिलती है। अगर घर बनाने के नाम पर कोई रंग रोगन भी करें तो उसे निगम कार्यालय से नोटिस भेज दिया जाता है। उन्होंने कहा कि बड़े पैमाने पर नगर वासियों को धमकाकर राशि वसूली जाती है। जिसमें मेयर की सहभागिता होती है।
उन्होंने कहा कि अपराधमुक्त, भ्रष्टाचारमुक्त, सुरक्षित व सुंदर शहर बनाने, नालियों व सड़कों की जर्जर स्थिति से निजात दिलाने के लिए ग्रेजुएट, पोस्ट ग्रेजुएट, कानून की जानकार नम्रता त्रिपाठी को मेयर पद के लिए मैदान में उतारा गया है। वह चुनाव जीतने के बाद नगर निगम को विकसित नगर निगम बनाएंगी। नम्रता मेयर बनेगी तो नगर वासियों को अपराधमुक्त व भ्रष्टाचारमुक्त नगर मिलेगा ।
इसके पहले कांग्रेस भवन परिसर में आशीर्वाद सभा का आयोजन किया गया। इसमें हजारों की संख्या में जूटे नागरिकों ने नम्रता त्रिपाठी को अपना आशीर्वाद दिया। साथ ही जुलूस की शक्ल में नामांकन करने समाहरणालय पहुंचे। इसका नेतृत्व पलामू जिला कांग्रेस पार्टी की अध्यक्ष विमला कुमारी कर रही थी।