ताज़ा-ख़बर

गोंदलपुरा की नंदनी बनी युवाओं की प्रेरणा, ऐतिहासिक कला प्रदर्शनी एवं विश्व रिकॉर्ड सम्मान समारोह में हुआ भव्य अभिनंदन

रिपोर्ट: VBN News Desk3 घंटे पहलेझारखण्ड

बड़कागांव की बेटी नंदनी ने रचा इतिहास, 1008 हस्तनिर्मित मेडल से बनाया वर्ल्ड रिकॉर्ड

गोंदलपुरा की नंदनी बनी युवाओं की प्रेरणा, ऐतिहासिक कला प्रदर्शनी एवं विश्व रिकॉर्ड सम्मान समारोह में हुआ भव्य अभिनंदन

रिपोर्ट : अजय कुमार

हजारीबाग : बड़कागांव के प्लस टू हाई स्कूल परिसर में शुक्रवार को स्ट्रेमैक्स फाउंडेशन के तत्वावधान में आयोजित ऐतिहासिक कला प्रदर्शनी एवं विश्व रिकॉर्ड प्रमाणन समारोह में स्थानीय प्रतिभा नंदनी कुमारी आकर्षण का केंद्र रहीं। गोंदलपुरा जैसे सुदूरवर्ती गांव की बेटी नंदनी ने अपने अद्भुत हुनर, अथक मेहनत और अटूट जज्बे के बल पर मेडल निर्माण के क्षेत्र में विश्व रिकॉर्ड स्थापित कर पूरे बड़कागांव ही नहीं बल्कि झारखंड का गौरव बढ़ाया है। समारोह में नंदनी कुमारी द्वारा अपने हाथों से तैयार किए गए वर्ल्ड रिकॉर्ड मेडलों की प्रदर्शनी लगाई गई जिसे देखकर उपस्थित अतिथियों और लोगों ने उनकी कला की मुक्तकंठ से सराहना की। इस अवसर पर मुख्य अतिथि गुरुकुल के निदेशक जेपी जैन, कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, सांसद प्रतिनिधि पूनम साहू, मुखिया अनिकेत नायक, डॉ. प्रकाश कुमार, सुदेश कुमार, मो. इब्राहिम, भाजपा मंडल अध्यक्ष शिवशंकर कुमार उर्फ शिबू मेहता, झारखंड कॉलेज के प्राचार्य विनोद यादव तथा पूर्व मुखिया भीखन प्रसाद ने संयुक्त रूप से नंदनी कुमारी को सम्मानित किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता स्ट्रेमैक्स के सीईओ पंकज साव तथा संचालन निदेशक विपिन कुमार ने किया। समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने कहा कि नंदनी कुमारी आज पूरे क्षेत्र की प्रेरणा बन चुकी हैं। सीमित संसाधनों के बावजूद उन्होंने जिस लगन और समर्पण से विश्व रिकॉर्ड बनाया है वह हर युवा के लिए अनुकरणीय उदाहरण है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र की बेटियां यदि अवसर और प्रोत्साहन मिले तो राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहरा सकती हैं। स्ट्रेमैक्स के निदेशक विपिन कुमार ने बताया कि नंदनी कुमारी ने देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को सम्मानित करने के उद्देश्य से सिर्फ एक महीने में अपने हाथों से 1008 मेडल तैयार कर विश्व रिकॉर्ड बनाया है। यह उपलब्धि उनकी कला, धैर्य और समर्पण का प्रतीक है। समारोह के दौरान समाज में शिक्षा, पत्रकारिता एवं जनसेवा में योगदान देने वाले 40 शिक्षकों और 30 पत्रकारों को भी शॉल एवं पौधा भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम को सफल बनाने में स्ट्रेमैक्स के निदेशक विपिन कुमार, सीईओ पंकज साव और रंजीत कुमार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर पंचायत समिति सदस्य उपेंद्र कुशवाहा, रितेश ठाकुर, पूर्व मुखिया श्रीकांत निराला, महादेव कुमार, बासमती देवी, गीता देवी, विभिन्न विद्यालयों के प्राचार्य, शिक्षक, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे। समारोह का मुख्य संदेश यही रहा कि मेहनत, प्रतिभा और दृढ़ संकल्प के बल पर कोई भी सपना विश्व रिकॉर्ड में बदला जा सकता है और नंदनी कुमारी इसकी जीवंत मिसाल हैं।

इन्हें भी पढ़ें.