नेपाल चुनाव में राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी की जबरदस्त बढ़त, शुरुआती रुझानों में 51 सीटों पर आगे
नेपाली कांग्रेस और एमाले पीछे, मतगणना जारी; कड़ी सुरक्षा के बीच घोषित होंगे परिणाम

काठमांडू : नेपाल में इलेक्शन कमीशन ऑफ नेपाल की निगरानी में हुए प्रतिनिधि सभा सदस्य चुनाव के बाद मतगणना का कार्य तेजी से जारी है। शुरुआती रुझानों में चौंकाने वाली तस्वीर सामने आई है जिसमें राष्ट्रीय स्वतंत्रता पार्टी अन्य प्रमुख दलों की तुलना में काफी आगे नजर आ रही है। कुल 165 सीटों के लिए हुए मतदान में अब तक करीब 60 सीटों के शुरुआती रुझान सामने आए हैं। इनमें से 51 सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वियों से स्पष्ट बढ़त बनाए हुए हैं। इस अप्रत्याशित बढ़त ने नेपाल की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है और पारंपरिक दलों के लिए चुनौती खड़ी कर दी है। रुझानों के अनुसार नेपाली कांग्रेस फिलहाल 5 सीटों पर आगे चल रही है, जबकि पूर्व प्रधानमंत्री के. पी. शर्मा ओली की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (यूनिफाइड मार्क्सिस्ट-लेनिनिस्ट) केवल 4 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। वहीं, पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहाल की पार्टी कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ नेपाल (माओइस्ट सेंटर) सिर्फ 1 सीट पर आगे बताई जा रही है। कई अन्य सीटों पर राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी के उम्मीदवार बेहद कम मतों से दूसरे स्थान पर भी बने हुए हैं। निर्वाचन आयोग के अनुसार अधिकांश जिलों में मतगणना बुधवार रात से ही शुरू कर दी गई थी। मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं और सुरक्षा बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है ताकि प्रक्रिया शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से पूरी हो सके। आयोग ने बताया कि प्रत्यक्ष निर्वाचन प्रणाली के तहत जीतने वाले उम्मीदवारों के परिणाम क्रमशः घोषित किए जाएंगे जबकि समानुपातिक प्रतिनिधित्व प्रणाली के तहत दलों को मिले कुल मतों की अलग से गणना की जा रही है। राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि शुरुआती रुझान यदि अंतिम परिणामों में भी कायम रहते हैं तो नेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। हालांकि आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी क्षेत्रों की मतगणना पूरी होने में अभी कुछ समय लग सकता है और अंतिम तस्वीर मतगणना समाप्त होने के बाद ही सामने आएगी।