ताज़ा-ख़बर

एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का आयोजन, विकसित भारत 2047 पर मंथन

रिपोर्ट: MANISH 1 दिन पहलेझारखण्ड

डीप टेक संप्रभुता और आत्मनिर्भर भारत पर जोर, वैज्ञानिक डॉ. वी.के. सारस्वत ने युवाओं को किया प्रेरित

एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस का आयोजन, विकसित भारत 2047 पर मंथन

आदित्यपुर : एनआईटी जमशेदपुर में राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी दिवस उत्साहपूर्वक मनाया गया। संस्थान के डीजेएलएचसी भवन के कक्ष संख्या-212 में आयोजित इस कार्यक्रम में शिक्षाविदों, शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, नवप्रवर्तकों और उद्योग जगत के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का मुख्य विषय “विकसित भारत 2047” और भारत की तकनीकी आत्मनिर्भरता रहा। कार्यक्रम में प्रख्यात वैज्ञानिक डॉ. वी. के. सारस्वत मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए, जबकि प्रभाकर सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और सरस्वती वंदना के साथ हुई। स्वागत भाषण प्रो. प्रभा चंद ने दिया। इस अवसर पर एनआईटी जमशेदपुर के निदेशक प्रो. डॉ. गौतम सूत्रधर ने कहा कि विज्ञान, नवाचार और स्वदेशी तकनीकी क्षमता देश के भविष्य को मजबूत बनाने में अहम भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विकसित भारत @ 2047 के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए शोध, नवाचार और कुशल मानव संसाधन तैयार करना जरूरी है। साथ ही अकादमिक संस्थानों और उद्योगों के बीच सहयोग, स्टार्टअप आधारित नवाचार और बहु-विषयक अनुसंधान को बढ़ावा देने की आवश्यकता बताई। अपने व्याख्यान में डॉ. वी.के. सारस्वत ने Techno-Strategic Powerhouse India: Architecting Deep Tech Sovereignty for Viksit Bharat @ 2047 विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत तकनीकी संप्रभुता की आधारशिला है। रक्षा प्रणाली, सेमीकंडक्टर, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, क्वांटम कंप्यूटिंग, अंतरिक्ष तकनीक और फार्मास्यूटिकल्स जैसे क्षेत्रों में स्वदेशी क्षमता विकसित करना बेहद आवश्यक है। उन्होंने डीप टेक्नोलॉजी को वैज्ञानिक खोजों और इंजीनियरिंग नवाचारों पर आधारित परिवर्तनकारी शक्ति बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रीय सुरक्षा, आर्थिक मजबूती और वैश्विक नेतृत्व के लिए जरूरी है। कार्यक्रम के अंत में अतिथियों को सम्मानित किया गया तथा आईटीबीआई सेंटर में आयोजित प्रदर्शनी का भी अवलोकन कराया गया।

बाइट : डॉ. वी के सारस्वत, वैज्ञानिक

इन्हें भी पढ़ें.