ताज़ा-ख़बर

वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर सक्रिय नीतू शर्मा, महापौर से मिलकर सौंपा ज्ञापन

रिपोर्ट: MANISH 2 घंटे पहलेझारखण्ड

स्ट्रीट लाइट, फॉगिंग और सफाई व्यवस्था पर नीतू शर्मा की पहल, महापौर ने दिया कार्रवाई का भरोसा

वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर सक्रिय नीतू शर्मा, महापौर से मिलकर सौंपा ज्ञापन

आदित्यपुर : नगर निगम क्षेत्र के वार्ड 17 की समस्याओं को लेकर पार्षद नीतू शर्मा ने गुरुवार को महापौर संजय सरदार से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा। इस दौरान उन्होंने वार्डवासियों की मूलभूत समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाते हुए त्वरित समाधान की मांग की। पार्षद नीतू शर्मा ने ज्ञापन के माध्यम से वार्ड में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को शीघ्र दुरुस्त कराने, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नियमित फॉगिंग कराने तथा बढ़ती आबादी के अनुरूप सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की। उन्होंने बताया कि इन समस्याओं के कारण आम लोगों को रोजाना कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इसके अलावा उन्होंने वार्ड की कई लंबित विकास योजनाओं को भी मुद्दा बनाया, जो पिछली बोर्ड बैठक में स्वीकृत होने के बावजूद अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी हैं। पार्षद ने इन योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर टेंडर प्रक्रिया में लाकर जल्द कार्य शुरू कराने की मांग की। नीतू शर्मा ने शांति नगर के हरिओम नगर रोड नंबर चार में बने नाले की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाते हुए उसकी जांच कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि बिना विधिवत शिलान्यास के ही नाले को चालू कर दिया गया जिससे गुणवत्ता पर संदेह उत्पन्न होता है। महापौर संजय सरदार ने पार्षद की पहल को गंभीरता से लेते हुए आश्वासन दिया कि इन सभी मुद्दों को आगामी बोर्ड बैठक में प्राथमिकता से रखा जाएगा। साथ ही उन्होंने सफाई, स्ट्रीट लाइट और फॉगिंग व्यवस्था को जल्द सुदृढ़ करने की बात कही। स्थानीय लोगों ने पार्षद नीतू शर्मा की इस पहल की सराहना करते हुए उम्मीद जताई है कि वार्ड 17 की समस्याओं का शीघ्र समाधान होगा।

इन्हें भी पढ़ें.