मोतियों का हार के साथ नीतू शर्मा मैदान में, वार्ड-17 में विकास बनाम दिखावे की बहस तेज
अनुभव और कामकाज के आधार पर जनता से जुड़ने का दावा, विरोधियों पर परोक्ष सवाल

आदित्यपुर : झारखंड नगरपालिका चुनाव-2026 के तहत आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र के वार्ड-17 में चुनावी माहौल धीरे-धीरे गर्म होता जा रहा है। शनिवार को चुनाव चिन्ह आवंटन के बाद पूर्व पार्षद नीतू शर्मा को मोतियों का हार चुनाव चिन्ह और बैलेट पेपर में क्रम संख्या-4 प्राप्त हुई जिसके साथ ही उनके चुनावी अभियान को नई दिशा मिलती दिख रही है। चुनाव चिन्ह मिलने के बाद नीतू शर्मा ने बिना किसी का नाम लिए संकेतों में कहा कि नगर निगम को ऐसे प्रतिनिधियों की जरूरत है जो केवल चुनाव के समय नहीं बल्कि हर वक्त जनता के बीच खड़े रहें। उनका कहना था कि वार्ड ने पहले भी देखा है कि कौन काम करता है और कौन सिर्फ वादों और आरोपों तक सीमित रहता है। स्थानीय लोगों के बीच यह चर्चा आम है कि कुछ प्रत्याशी बिना जमीनी अनुभव के बड़े-बड़े दावे कर रहे हैं जबकि नीतू शर्मा अपने पूर्व कार्यकाल के कार्यों के आधार पर मतदाताओं से समर्थन मांग रही हैं। समर्थकों का कहना है कि उनका चुनाव मुद्दों और विकास पर केंद्रित है न कि व्यक्तिगत बयानबाजी और धनबल पर। वार्ड-17 में अब चुनावी मुकाबला धीरे-धीरे अनुभव बनाम अवसरवाद की दिशा में बढ़ता नजर आ रहा है। आने वाले दिनों में यह देखना दिलचस्प होगा कि जनता किस सोच और दृष्टिकोण को अपना समर्थन देती है।