ताज़ा-ख़बर

रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका के बीच नेपाल अलर्ट, सीमा नाकों पर सघन जांच शुरू, बिना पहचान पत्र प्रवेश पर रोक

रिपोर्ट: basant raj rijal2 दिन पहलेविदेश

नेपाल प्रशासन को आशंका है कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद वहां रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिक नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं।

रोहिंग्या घुसपैठ की आशंका के बीच नेपाल अलर्ट, सीमा नाकों पर सघन जांच शुरू, बिना पहचान पत्र प्रवेश पर रोक

काठमांडू : भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था अचानक कड़ी कर दी गई है। नेपाल सरकार ने सीमा क्षेत्रों में अवैध घुसपैठ और आपराधिक गतिविधियों की आशंका को देखते हुए भारत से नेपाल में प्रवेश करने वाले लोगों के लिए फोटो पहचान पत्र दिखाना अनिवार्य कर दिया है। नेपाल की राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद की बैठक में यह महत्वपूर्ण फैसला लिया गया। नेपाल प्रशासन को आशंका है कि पश्चिम बंगाल में राजनीतिक परिस्थितियों में बदलाव के बाद वहां रह रहे रोहिंग्या और बांग्लादेशी नागरिक नेपाल में प्रवेश करने की कोशिश कर सकते हैं। इसी संभावना को देखते हुए सीमा नाकों पर सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है और प्रत्येक आने-जाने वाले व्यक्ति की सघन जांच की जा रही है। नेपाल गृह मंत्रालय की प्रवक्ता रमा आचार्य ने स्पष्ट किया कि यह कदम पूरी तरह नेपाल की आंतरिक सुरक्षा रणनीति के तहत उठाया गया है। उन्होंने कहा कि सीमा पर अवैध घुसपैठ रोकने और सुरक्षा सतर्कता बढ़ाने के उद्देश्य से जांच अभियान चलाया जा रहा है। नेपाल पुलिस और इंटेलिजेंस एजेंसियों को लगातार इनपुट मिल रहे हैं कि पश्चिम बंगाल और बिहार के रास्ते कुछ संदिग्ध लोग नेपाल में प्रवेश कर सकते हैं। खासकर कोलकाता और हावड़ा से जोगबनी आने वाली रेल सेवाओं पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। रेल आने के समय बड़ी संख्या में यात्रियों की पहचान जांच की तैयारी की गई है। सीमा क्षेत्रों में प्रशिक्षित कुत्तों की भी मदद ली जा रही है। नेपाल प्रशासन के अनुसार इस अभियान का उद्देश्य फरार अपराधियों और कैदियों की आवाजाही रोकना भी है। नेपाल सरकार ने सभी सुरक्षा एजेंसियों को हाई अलर्ट पर रहने का निर्देश दिया है।

इन्हें भी पढ़ें.