सरायकेला नगर पंचायत में नई सरकार का गठन, मनोज चौधरी अध्यक्ष और अविनाश कवि उपाध्यक्ष बने
निर्विरोध उपाध्यक्ष चुने गए अविनाश कवि, शपथ के बाद भाजपा और चंपई पर बरसे अध्यक्ष मनोज चौधरी

सरायकेला : नगर पंचायत में मंगलवार को नई सरकार का औपचारिक गठन हो गया। अध्यक्ष पद की शपथ मनोज कुमार चौधरी ने ली जबकि उपाध्यक्ष पद पर अविनाश कवि निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। इसके साथ ही नगर पंचायत की नई टीम ने कामकाज संभाल लिया। जानकारी के अनुसार उपाध्यक्ष पद के लिए उत्तम कुमार महंती ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन बाद में नाम वापस लेने के बाद अविनाश कवि निर्विरोध चुन लिए गए। शपथ ग्रहण के बाद सभी जनप्रतिनिधि नगर पंचायत कार्यालय पहुंचे जहां प्रशासन की ओर से उनका पारंपरिक स्वागत किया गया। मीडिया से बातचीत में अध्यक्ष मनोज चौधरी ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में पार्टी की स्थिति कमजोर हो चुकी है। उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास अब भी हेमंत सोरेन पर कायम है और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है। चौधरी ने उपाध्यक्ष चुनाव में हॉर्स ट्रेडिंग के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि सभी पार्षदों ने स्वेच्छा से अविनाश कवि का समर्थन किया। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री चंपई सोरेन को भी पार्टी लाइन में रहकर काम करने की सलाह दी। फिलहाल जिले के सभी निकायों में नई सरकार बन चुकी है और अब जनता को विकास कार्यों के क्रियान्वयन का इंतजार है।