टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में अफ्रीकी शेरों की नई जोड़ी का आगमन
हैदराबाद से आए मनोहर और श्रीदेवी, संरक्षण प्रजनन को मिलेगी मजबूती

जमशेदपुर : टाटा स्टील जूलॉजिकल पार्क में पशु विविधता के तहत एक नया आकर्षण जुड़ गया है। हैदराबाद स्थित नेहरू जूलॉजिकल पार्क से अफ्रीकी शेरों की जोड़ी मनोहर (नर) और श्रीदेवी (मादा) स्वीकृत पशु आदान-प्रदान कार्यक्रम के तहत यहां लाई गई है। इसके बदले दो नर मैनड्रिल बंदरों को हैदराबाद भेजा गया है। करीब नौ वर्ष आयु के दोनों शेर प्रजनन के उपयुक्त चरण में हैं। जू प्रबंधन को उम्मीद है कि इनके आगमन से शेरों की आनुवंशिक विविधता और दीर्घकालिक संरक्षण प्रयासों को बल मिलेगा। विशेष रूप से तैयार वाहनों से 11 फरवरी को टीम हैदराबाद रवाना हुई थी और 16 फरवरी की रात शेरों को सुरक्षित जमशेदपुर लाया गया। पूरी प्रक्रिया सेंट्रल जू अथॉरिटी के दिशा-निर्देशों और पशु चिकित्सकों की निगरानी में संपन्न हुई। फिलहाल दोनों शेर 40 दिनों की अनिवार्य क्वारंटीन अवधि में हैं। इसके बाद दर्शक नए मेहमानों का दीदार कर सकेंगे।