नए एसपी मनोज स्वर्गीयारी का एक्शन मोड, पदभार संभालते ही फोटो से दूरी बनाकर सीधे क्षेत्र भ्रमण पर निकले
कार्यालय में नहीं बैठे नए पुलिस कप्तान, समीक्षा बैठक में ड्रग्स, गैंगवार और चापड़बाजी पर जीरो टॉलरेंस का दिया संदेश

आदित्यपुर : सरायकेला-खरसावां जिले के नए पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने पदभार ग्रहण करते ही अपने कार्यशैली का स्पष्ट संदेश दे दिया। आमतौर पर नए अधिकारियों के पदभार ग्रहण के दौरान होने वाली औपचारिकताओं से अलग उन्होंने न तो फोटो सेशन कराया और न ही कार्यालय में बैठकर औपचारिक मुलाकातों में समय बिताया। पदभार संभालने के तुरंत बाद वह सीधे क्षेत्र भ्रमण पर निकल पड़े और आदित्यपुर थाना पहुंचकर पुलिस अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में एसपी ने साफ शब्दों में कहा कि जिले में अपराध, नशा कारोबार, गैंगवार और दुष्कर्म जैसे मामलों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस किसी भी कीमत पर क्षेत्र में हाल के दिनों जैसी दुखद घटनाओं की पुनरावृत्ति नहीं होने देगी। इसके लिए सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए जा चुके हैं। पत्रकारों से बातचीत में मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि आदित्यपुर क्षेत्र में ड्रग्स एक बड़ी चुनौती बन चुका है। इसके विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जाएगा और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बताया कि जेल से बाहर आए पुराने अपराधियों का सत्यापन कराया जाएगा। यदि वे दोबारा आपराधिक गतिविधियों में शामिल पाए गए तो उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होगी। नए एसपी ने यह भी घोषणा की कि जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में लंबे समय से चली आ रही चापड़बाजी की घटनाओं पर प्रभावी रोक लगाने के लिए प्रतिदिन दो बार एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह सामान्य वाहन जांच नहीं होगी, बल्कि हथियार लेकर घूमने वाले अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के उद्देश्य से विशेष अभियान होगा। आम नागरिकों को इससे किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जाएगी। मनोज स्वर्गीयारी ने कहा कि पूर्व पुलिस अधीक्षक द्वारा शुरू किए गए सकारात्मक कार्यों को भी आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कानून का राज स्थापित करने और आम लोगों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी और निष्पक्षता के साथ कार्य करेगी। नए एसपी की पदभार ग्रहण करते ही मैदान में उतरने की कार्यशैली पुलिस महकमे और आम लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।