कोटा सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ लोगों की मौत, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने जताया दुख
धार्मिक स्थलों के दर्शन कर महाराष्ट्र लौट रहा था परिवार, क्रूजर में सवार थे 16 सदस्य

कोटा : राजस्थान के कोटा-उदयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर शंभूपुरा गांव के पास शनिवार और रविवार की दरमियानी रात करीब एक बजे हुए भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के नौ सदस्यों की मौत हो गई। हादसे में कई अन्य लोग घायल भी हुए हैं। घटना पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने गहरा दुख व्यक्त किया है। राष्ट्रपति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शोक संदेश जारी कर मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने लिखा है कि कोटा में हुई सड़क दुर्घटना में लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत दुखद है। मैं मृतकों के परिवारजनों के प्रति गहन शोक संवेदना व्यक्त करती हूं तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करती हूं। पुलिस के अनुसार क्रूजर वाहन में महाराष्ट्र के धुले जिले के एक ही परिवार के 16 सदस्य सवार थे। परिवार धार्मिक स्थलों के दर्शन के लिए मंगलवार को महाराष्ट्र से रवाना हुआ था। श्रद्धालुओं ने पहले मध्य प्रदेश के ओंकारेश्वर और इसके बाद राजस्थान के पुष्कर तथा खाटूश्यामजी में दर्शन किए। शनिवार रात सभी सदस्य वापस अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान शंभूपुरा गांव के पास उनका वाहन हादसे का शिकार हो गया। दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।