ताज़ा-ख़बर

एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्नातकों को किया प्रेरित

रिपोर्ट: MANISH 4 घंटे पहलेझारखण्ड

2047 के विकसित भारत का आह्वान, एनआईटी जमशेदपुर में 1114 उपाधियां प्रदान

एनआईटी जमशेदपुर का 15वां दीक्षांत समारोह सम्पन्न, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने स्नातकों को किया प्रेरित

आदित्यपुर : राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) जमशेदपुर में सोमवार को 15वां दीक्षांत समारोह गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। भारत सरकार के शिक्षा मंत्रालय के अधीन राष्ट्रीय महत्व के इस संस्थान के समारोह की शोभा माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मुख्य अतिथि के रूप में बढ़ाई। इस अवसर पर झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार, राज्य सरकार के मंत्री दीपक बिरुआ, बोर्ड ऑफ गवर्नर्स के अध्यक्ष सुनील अलघ सहित कई गणमान्य अतिथि उपस्थित रहे। दीक्षांत संबोधन में राष्ट्रपति ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थान राष्ट्र की बौद्धिक प्रयोगशालाएं होते हैं। उन्होंने तकनीकी प्रगति को मानव कल्याण से जोड़ने और 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य में योगदान देने का आह्वान किया। साथ ही साइबर अपराध, ई-कचरे जैसी चुनौतियों पर संवेदनशील शोध की आवश्यकता पर बल दिया। राज्यपाल संतोष गंगवार ने कहा कि भारत विश्व की अग्रणी अर्थव्यवस्थाओं में शामिल हो चुका है और इस प्रगति में युवा तकनीकी विशेषज्ञों की भूमिका अहम है। निदेशक प्रो. गौतम सूत्रधर ने संस्थान की उपलब्धियों, एनआईआरएफ रैंकिंग और नवाचार केंद्रों की जानकारी दी। समारोह में कुल 1114 उपाधियां प्रदान की गईं जिनमें 612 विद्यार्थियों ने व्यक्तिगत रूप से डिग्रियां प्राप्त कीं। राष्ट्रपति ने दो स्वर्ण पदक और दो मानद उपाधियां भी प्रदान कीं। यह समारोह अकादमिक उत्कृष्टता, नवाचार और सामाजिक उत्तरदायित्व के प्रति एनआईटी जमशेदपुर की प्रतिबद्धता का सशक्त प्रतीक बना।

इन्हें भी पढ़ें.